लाइव टीवी

Arki Tour: धार्मिक स्थलों के साथ ऐतिहासिक इमारतों का बेजोड़ नमूना है अर्की, एक ट्रिप तो बनती है!

Updated Jun 25, 2021 | 22:25 IST

Arki Tourist Places in Hindi: अर्की हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। ऐतिहासिक रूप से यह शहर बाघल के प्राचीन पहाड़ी राज्य की पूर्व राजधानी था।

Loading ...
अर्की, हिमाचल प्रदेश के टूरिस्ट स्पॉट
मुख्य बातें
  • शिमला से 52 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है अर्की।
  • अपने ऐतिहासिक स्थलों व धार्मिक जगहों के लिए है मशहूर।
  • 18वीं शताब्दी में हुआ था अर्की किले का निर्माण, वर्तमान में कहलाता है हैरिटेज होटल।

Arki Historical and Religious Tourist Places in Hindi: दुनिया में वैसे तो कई बेहद खूबसूरत जगहें हैं, लेकिन यदि भारत के हिमाचल प्रदेश की बात की जाए तो खूबसूरत बर्फ की चादर ओढ़े पहाड़, हरियाली, लकड़ी के बने घर, झरनों से सरकता पानी और नीले आसमान से प्रतिबिंब होते पहाड़ आंखो के सामने छा जाते हैं। जी हां, भारत का यह छोटा सा राज्य कपल्स के लिए पसंदीदा हनीमून डेस्टीनेशन के अलावा कई तरह के सैलानियों के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र है।

अपनी ऊंची ऊंची घाटियों और पहाड़ियों के साथ हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता यहां आने वाले पर्यटकों का मनमोह लेती है और शांति प्रदान करती है। अर्की हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले में स्थित एक प्रमुख पर्यटन स्थल है।

ऐतिहासिक रूप से यह शहर बाघल के प्राचीन पहाड़ी राज्य की पूर्व राजधानी था, जिसे महाराजा अजय देव ने 1660-65 ईस्वी में स्थापित किया था। शिमला से 52 किलोमीटर की दूरी पर स्थित अर्की में शासकों की शाही विरासत इसकी खूबसूरती में चार चांद लगा देती है। ऐसे में आइए जानते हैं अर्की के प्रमुख पर्यटन स्थलों के बारे में।

अर्की किला:

अर्की भ्रमण की शुरुआत आप यहां के ऐतिहासिक किले से कर सकते हैं। अर्की का किला आपकी यात्रा में चार चांद लगा सकता है। 18वीं शताब्दी में बना यह किला राणा पृथ्वी सिंह द्वारा बनवाया गया था। वर्तमान में इस किले को एक हैरिटेज होटल के रूप में परिवर्तित कर दिया गया है, जो राजपूत और मुगल वास्तुशिल्प का खूबसूरत मिश्रण पेश करता है। ऐसे में एक बार इस किले की सैर अवश्य करें।

अर्की पैलेस:
अर्की की खूबसूरती को पेश करता ‘अर्की महल’ 18वीं शताब्दी में पृथ्वी सिंह द्वारा बनवाया गया था। आप यहां पर पुराणों और लोककथाओं से प्रेरित शिलालेख और चित्रकारी को देख सकते हैं। यदि आप इतिहास के प्रति अधिक रुचि रखते हैं तो एक बार अर्की पैलेस की सैर अवश्य करें।

लुतुरु महादेव मंदिर:

ऐतिहासिक स्थलों के अलावा आप अर्की से 4 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ‘लुतुरु महादेव मंदिर’ की सैर कर सकते हैं, यह भगवान शिव को समर्पित है। इसे एक महत्वपूर्ण शक्तिपीठ के रूप में माना जाता है, यह मंदिर 1621 में बाघल के राजा द्वारा बनवाया गया था। स्थानीय लोगों द्वारा महादेव के इस मंदिर को लेकर मान्यता है कि यहां पर पूजापाठ करने से भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और विशेष फल की प्राप्ति होती है।

कुनिहार:
यदि आप ऐतिहासिक इमारतों और धार्मिक स्थलों के साथ प्रकृति की खूबसूरती का लुत्फ उठाना चाहते हैं, तो एक बार अर्की में स्थित कुनिहार की सैर अवश्य करें। यह सोलन जिले की एक खूबसूरत घाटी है, जिसका नाम पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने रखा था। पहाड़ियों पर स्थित कुनिहार पर्यटकों का पसंदीदा पर्यटन स्थल है। हर साल यहां हजारों की संख्या में पर्यटक प्रकृति का आनंद लेने आते हैं।

भद्रकाली मंदिर:

लुतुरु महादेव मंदिर के साथ आप भद्रकाली मंदिर का दर्शन कर सकते हैं। यह मंदिर मां काली को समर्पित है। मां काली का यह मंदिर लोकप्रिय धार्मिक स्थलों में गिना जाता है। धार्मिक महत्व के साथ यह मंदिर वास्तुकला और नक्काशी के लिए भी काफी प्रसिद्ध है। यहां पर प्रतिदिन सैकडों की संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक मां काली के दर्शन के लिए आते हैं।