लाइव टीवी

Lohri Special Recipes: इन 5 पकवानों के बिना अधूरी है लोहड़ी की थाली, इन्हें घर पर आसानी से बनाएं

Updated Jan 12, 2021 | 13:42 IST

ठंड के मौसम में मनाए जाने वाले लोहड़ी के त्यौहार का मजा तब दोगुना हो जाता है जब परिवार के लोगों के साथ बैठकर पारंपरिक पकवानों का लुत्फ उठाया जाता है। ऐसे में लोहड़ी के मौके पर बनाएं ये पकवान।

Loading ...
Lohri Special Recipes
मुख्य बातें
  • अपनी लोहड़ी की थाली को पारंपरिक पकवानों से सजाएं।
  • कोरोना वायरस के खतरे के चलते इन्हें आसानी से घर पर ही बनाएं।
  • यह पांच पकवान आपके लोहड़ी के त्यौहार को बना देंगे बेहद खास।

भारत को त्योहारों का देश भी कहा जाता है, यहां हर एक महीने में कोई ना कोई त्योहार जरूर मनाया जाता है। लोहड़ी का त्योहार नए वर्ष का पहला त्योहार होता है जिसे भारत के विभिन्न प्रांतों में अलग-अलग नाम से पुकारा जाता है। पंजाब में इस त्योहार को बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है, इस त्योहार की खुशियां तब दोगुनी हो जाती हैं जब लोहड़ी की रात को पकवानों में पंजाबी तड़का लगता है। बिना पारंपरिक खाने के कोई भी त्योहार अधूरा होता है।

आप भी अपने घर में लोहड़ी की थाली को इस तरह से सजाइए कि स्टार्टर से आपके रिश्तों में मिठास आए, मेन कोर्स से आपके रिश्ते मजबूत हों, स्पेशल ड्रिंक से आपके परिवार में खुशियां आएं और डेजर्ट से आप सभी का दिल खुश कर दें। तो चलिए जानते हैं आप अपने लोहड़ी की थाली को कैसे सजा सकते हैं। 

स्टार्टर 

मूंगफली की चिक्की

सामग्री:-

मूंगफली दाने- 240 ग्राम 
गुड़- 200 ग्राम 
घी 2 बड़े चम्मच
पानी एक बड़ा चम्मच

मूंगफली की चिक्की बनाने की विधि:-

सबसे पहले मूंगफली के दानों को एक पैन पर 5 मिनट के लिए भूनिए। जब मूंगफली के दाने अच्छी तरह से भुन जाएं तब उन्हें ठंडा कीजिए और उनके छिलके निकाल दीजिए। अब एक पैन लीजिए और उसमें गुड़ डाल दीजिए। जब गुड़ पिघलने लगे तब उसमें 2 बड़े चम्मच घी डालिए और अच्छे से मिला दीजिए। जब घी गुड़ में अच्छी तरह से मिल जाए तब उसमें एक बड़ा चम्मच पानी डालिए और चाशनी बना लीजिए। अब इस चाशनी में मूंगफली के दाने डालिए। जब यह चाशनी थोड़ी ठंडी होने लग जाए तब एक बर्तन पर ब्रश की मदद से घी लगा दीजिए और उसमें पूरा मिश्रण डाल दीजिए। मिश्रण इस तरह से डालिए कि एक पतली लेयर बन जाए। जब यह मिश्रण सूख जाए तब चाकू की मदद से इन्हें चकोर या मन चाहे किसी भी शेप में काट दीजिए। 

तिल की चिक्की

सामग्री:

200 ग्राम तिल
500 ग्राम चीनी
एक कप पानी
1 टी स्पून बेकिंग सोडा (मीठा)
थाली जिस पर घी लगा हो 

तिल की चिक्की बनाने की विधि:

एक पैन में पानी लीजिए फिर उसमें चीनी डालकर उसे अच्छे से पिघला दीजिए। जब चीनी अच्छी तरह से घुलने लग जाए फिर गैस की आंच को तेज कर दीजिए और इस चाशनी को उबलने दीजिए। फिर इसमें अपने भूने हुए तिल डाल दीजिए और अच्छी तरह मिक्स कर लीजिए। अब इसमें बेकिंग सोडा डालिए और अच्छे से मिलाकर एक थाली में पूरा मिश्रण डालिए जिसके ऊपर घी लगा हो। थाली पर इस मिश्रण की एक पतली परत बना लीजिए और ठंडा होने दीजिये। जब यह ठंडा हो जाए तब अपने तिल की चिक्की को काटकर आकर्षक शेप दीजिए। 

मेन कोर्स

सरसों दा साग और मक्के दी रोटी

सरसों का साग

सामग्री:

750 ग्राम सरसो का साग, 250 ग्राम पालक का साग, 250 ग्राम बथुए का साग, 2 कप पानी, 1 चुटकी नमक, डेढ़ कप मक्की का आटा, 4 हरी मिर्च, 25 ग्राम अदरक, 6 लहसुन की कली, दो प्याज, घी, 1/2 टी स्पून लाल मिर्च पाउडर, 1/2 टी स्पून गरम मसाला, 1/2 टी स्पून धनिया पाउडर।

सरसों का साग बनाने की विधि

एक प्रेशर कुकर में सरसों का साग, पालक का साग और बथुए का साग डाल दीजिए। साग में हल्का सा नमक और पानी डालिए और उन्हें डेढ़ घंटे तक धीमी आंच पर पकाइए। डेढ़ घंटे बाद साग का पानी निकाल कर रख लीजिए और साग को कुकर के अंदर अच्छी तरह से मैश कर लीजिए। जब साग अच्छी तरह से मैश हो जाए फिर उसमें मक्की का आटा डालिए और सबको अच्छी तरह से मिला दीजिए। अब साग का पानी कुकर में डालिए और इसके साथ नॉर्मल पानी डालकर फिर से इसे धीमी आंच पर पकाइए। आप इसमें हरी मिर्च और अदरक डाल दीजिए और पकने के लिए रख दीजिए। साग का स्वाद बढ़ाने के लिए तड़का तैयार कीजिए। तड़के के लिए सबसे पहले एक पैन में कटे हुए प्याज, अदरक, लाल मिर्च, लहसुन, गरम मसाला, धनिया पाउडर अच्छे से पकाइए जब तक प्याज गोल्डन ब्राउन ना हो जाए। अब तड़के को साग में डालिए और उसके ऊपर देसी घी या बटर डाल कर सर्व कीजिए। 

मक्के की रोटी 

सामग्री:

1/2 किलो मक्की का आटा, पानी, घी

मक्की की रोटी बनाने की विधि:

एक बर्तन में मक्की का आटा डालिए और उसे पानी के मदद से गूंथ लीजिए। अब आटे की लोईयां तैयार कर लीजिए। गैस पर तवा गर्म होने के लिए रख दीजिए। जब तवा गर्म हो जाए तब उसे घी के मदद से ग्रीस कीजिए। अब अपनी रोटियां बेलिए और तवे पर सेक लीजिए। देसी घी मक्के की रोटी का स्वाद भी दोगुना बढ़ा देता है। 

स्पेशल ड्रिंक

लस्सी

सामग्री:

3 कप ताजा दही 
7 से 8 छोटे चम्मच शुगर पाउडर
दूध
क्रीम

लस्सी बनाने की विधि:

एक बर्तन में तीन कप दही डालिए फिर उसमें 7 से 8 छोटे चम्मच शुगर पाउडर डाल कर दही को मथ लीजिए। अगर लस्सी गाढ़ी है तो आप उसमें आवश्यकतानुसार दूध मिला दीजिए। अब लस्सी को अलग-अलग गिलास में निकालिए और उसके ऊपर क्रीम डाल दीजिए।

डेजर्ट

गुड़ का हलवा

सामग्री:

डेढ़ कप गुड़
1 कप आटा
1 कप देसी घी 
10-12 काजू
3 कप पानी 

गुड़ का हलवा बनाने की विधि:

गुड़ का हलवा बनाने के लिए सबसे पहले एक पेन को गर्म कर लीजिए अब उसमें गुड़ और पानी डालिए और पिघला दीजिए। धीमी आंच करके गुड़ को अच्छे से पिघलने दीजिए। अब एक कढ़ाई लीजिए और उसे गर्म होने के लिए रख दीजिए। जब कढ़ाई गर्म हो जाए तो उसमें एक टी स्पून घी और एक कप आटा डालकर भून लीजिए। जब तक आटे से खुशबू ना आने लगे तब तक उसे भूनते रहिए। जब आटे से खुशबू आने लगे तब उसमें चाशनी डालिए। चाशनी डालते समय गैस की आंच को एकदम धीमे रखिए। अब आटे और चाशनी को अच्छे से मिक्स कीजिए। 2 से 3 मिनट तक हलवे को पकाते रहिए फिर उसमें काजू डाल दीजिए। आप चाहे तो काजू काट कर डाल सकते हैं या साबुत भी डाल सकते हैं। हलवे को तब तक पकाएं जब तक उसका पानी सूख ना जाए। हलवा बनाते समय आपको लगातार उसे चलाते रहना है। 


लीजिए अब आपकी लोहड़ी की थाली लोहड़ी के त्योहार पर चार चांद लगाने के लिए और आप सभी के जिंदगी में खुशियां लाने के लिए एकदम तैयार है।