लाइव टीवी

Lohri Style Tips : यहां जानिए लोहड़ी का परफेक्ट लुक पाने के लिए टिप्स और ट्रिक्स, म‍िलेगा परफेक्‍ट पंजाबी लुक

मेधा चावला | SENIOR ASSOCIATE EDITOR
Updated Jan 10, 2021 | 20:59 IST

13 जनवरी को इस साल मनाया जाएगा लोहड़ी का त्योहार। इस पर्व पर पंजाबी लुक खासतौर पर पसंद क‍िया जाता है। एक्‍सपर्ट से जानें क‍ि कैसे आप इस इवेंट के ल‍िए रेडी हो सकती हैं।

Loading ...
Lohri Style Tips
मुख्य बातें
  • 13 जनवरी 2021 को मनाया जाएगा लोहड़ी का त्यौहार
  • पौष माह की आखिरी रात होती है लोहड़ी की रात
  • लोहड़ी के अगले दिन से शुरू हो जाता है माघ का महीना

हिंदू पंचांग के अनुसार लोहड़ी का त्योहार एक विशेष त्योहार है जो पूरे भारत में धूमधाम से मनाया जाता है। यह त्यौहार साल का पहला त्यौहार होता है जो फसल कटाई के खुशी पर मनाया जाता है। पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में इस त्यौहार को बहुत हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। लोहड़ी की रात में लोग लोहड़ी जलाकर फसल की अच्छी कटाई के लिए भगवान से प्रार्थना करते हैं। लोहड़ी का त्यौहार मनाने के लिए कई दिन पहले से तैयारियां शुरू हो जाती हैं और हर जगह पतंगों का ताता लगता है। नवविवाहितों के लिए लोहड़ी का त्यौहार बहुत महत्वपूर्ण माना जाता है। 

इस दिन तरह-तरह के कार्यक्रम आयोजित होते हैं, अगर आपका भी इस दिन किसी कार्यक्रम में जाने का प्लान है तो आपको फैशन डिजाइनर संघमित्रा सिंह के दिए गए टिप्स और ट्रिक्स जरूर अपनाने चाहिए जो आपको लोहड़ी का ग्लैमरस लुक देगा। 

1. पटियाला सूट से मिलेगा देसी लुक

लोहड़ी के त्यौहार के रंग में रंगने के लिए आप इस दिन पटियाला सूट पहने जो आपको एकदम देसी लुक देगा। पटियाला सूट के साथ एक भारी एंब्रॉयडरी वाला दुपट्टा लीजिए। इस सूट के साथ आप फुलकारी दुपट्टा भी ले सकती हैं जो आपको अपनी संस्कृति से जोड़े रखेगा।

2. पैंट्स के साथ कीजिए एक्सपेरिमेंट 

अगर आपने बहुत बार पटियाला सलवार पहना है तो इस बार आपको अपने पैंट्स के साथ एक्सपेरिमेंट करना चाहिए। आप पटियाला सलवार के जगह पर प्लाजो पैंट्स, स्ट्रेट पैंट्स, शरारा और सिगरेट पैंट्स पहन सकती हैं। आप इन पैंट्स को लंबी फैशनेबल कुर्ती के साथ पहन सकती हैं। एक शानदार लुक पाने के लिए आप एक अनकंवेंशनल जैकेट भी कुर्ती के ऊपर पहन सकती हैं। 

3. अनारकली को दें एक अलग लुक 

संघमित्रा सिंह के अनुसार, अगर आप साधारण अनारकली नहीं पहनना चाहती है तो अपने दुपट्टे के अनुसार अपने पैंट्स के साथ कुछ नया ट्राई कर सकती है। आप लेयर्ड पेटर्न्स या ए-लाइन अनारकली भी ट्राई कर सकती हैं।

4. एथनिक जैकेट और ब्लेजर देगा एक क्लासी लुक

जो लड़कियां दुपट्टा नहीं लेना चाहती हैं वह एक प्लेन कुर्ती के साथ डिजाइनर जैकेट और चूड़ीदार पजामा या पटियाला सलवार पहन सकती हैं। 

5. रंगों के साथ खेलें

लोहड़ी का त्योहार आपको रंगों के साथ खेलने का मौका देता है। अगर आप अपने स्किन टोन के वजह से अपना लुक अभी तक तय नहीं कर पाईं है तो एक वाइब्रेंट कलर चुन लीजिए और बाकी सबको न्यूट्रल रहने दीजिए। अगर आप कलर को लेकर कशमकश में है तो आप कलर व्हील का इस्तेमाल भी कर सकती हैं।

6. पोटली के साथ कीजिए फ्लॉन्‍ट 

अपने लुक को और आकर्षक बनाने के लिए आप एक सिल्क की पोटली भी ले सकती हैं। संघमित्रा यह सलाह देती हैं कि आप अपने साथ एक छोटा पर्स रखिए जिसके ऊपर सोने और चांदी का जरी वर्क किया हो। 

7. जुत्ती या चप्पल से अपने लुक को कीजिए हाइलाइट

आपके लुक का सबसे अहम भाग आपकी जुत्ती या चप्पल भी है। आप हील्स पहनने के बजाय जुत्ती पहन सकती हैं जो आपकी ड्रेस के साथ एक परफेक्ट कॉन्बिनेशन बनाएगा और कंफर्टेबल रहेगा। इनका शेड्स आपके लुक में चार्म ऐड करेगा। 

8. पारंपरिक जूलरी 

पारंपरिक गहने के बिना पारंपरिक त्यौहार अधूरे होते हैं इसीलिए आप अपने लुक को और फैशनेबल बनाने के लिए ऑक्सिडाइज्ड सिल्वर गहने पहन सकती हैं। इयररिंग, पेंडेंट और रिंग तो जरूर पहनिए। आप चाहे तो ब्राइट झुमका और चांदबाली भी पहन सकती हैं। अगर भारी गहने पहनने का शौक आपको नहीं है तो आप सिंपल गहने भी पहन सकती हैं। आप अपने बालों पर फूलों वाले असेसरीज लगाइए जो आपके लुक को कंप्लीट करेगा।