लाइव टीवी

साहित्य अकादमी युवा पुरस्कार घोषित, हिंदी भाषा में 'प्रमेय' के लिए भगवंत अनमोल को अवॉर्ड

Updated Aug 24, 2022 | 17:48 IST

Sahitya Akademi Puraskar 2022: साहित्य अकादमी ने वर्ष 2022 के लिए युवा पुरस्कार और बाल साहित्यकार पुरस्कारों की घोषणा बुधवार को कर दी है।

Loading ...
Sahitya Akademi Puraskar 2022
मुख्य बातें
  • साहित्य अकादमी ने वर्ष 2022 के लिए युवा पुरस्कार घोषित किए
  • बाल साहित्यकार पुरस्कारों की घोषणा भी बुधवार को कर दी गई
  • भगवंत अनमोल को हिंदी भाषा का युवा पुरस्कार मिलेगा

Sahitya Akademi Puraskar 2022: साहित्य अकादमी ने वर्ष 2022 के लिए युवा पुरस्कार और बाल साहित्यकार पुरस्कारों की घोषणा बुधवार को कर दी है। अकादमी ने 23 भाषाओं में युवा पुरस्कार और 22 भाषाओं में अपने बाल साहित्‍य पुरस्‍कार 2022 की घोषणा की है। अकादमी की ओर से अपने सोशल मीडिया हैंडल पर सभी विजेताओं के नाम घोषित किए गए। युवा पुरस्कार 2022 के लिए हिंदी भाषा का पुरस्कार लोकप्रिय युवा लेखक भगवंत अनमोल को दिया जाएगा। कानपुर निवासी भगवंत अनमोल की पुस्तक प्रमेय के लिए दिया जाएगा। इस पुस्तक का प्रकाशन राजपाल एंड संस ने किया है। प्रमेय से पहले भगवंत अनमोल की पुस्तक 'जिंदगी 50-50' को उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान की ओर से बालकृष्ण शर्मा नवीन पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है। 

युवा पुरस्कार 2022 के विजेता

उर्दू भाषा में मक़सूद आफ़ाक़ द्वारा गिरयाह (कविता-संग्रह) को चयनित किया गया। तेलुगु भाषा में पल्लीपट्टू नागराजू द्वारा यालई पूडसिंदी (कविता-संग्रह), तमिऴ भाषा में पी. कालीमुथु द्वारा थानिथिरुक्कुम अराळिकालिन मथियम (कविता-संग्रह), सिंधी भाषा में हिना आसवाणी द्वारा सिंधियत जी सुरहाणि (कविता-संग्रह), संताली भाषा में साल्गे हांसदा द्वारा जनम दिसोम उजारोग काना (उपन्यास) को चयनित किया गया। इसी तरह संस्कृत भाषा में श्रुति कानिटकर द्वारा श्रीमतीचरित्रम् (कविता-संग्रह), राजस्थानी भाषा में आशीष पुरोहित द्वारा अैनांण (कविता-संग्रह), पंजाबी भाषा में संधू गगन द्वारा पंजतीले (कविता-संग्रह), ओड़िआ भाषा में दिलीप बेहरा द्वारा लंथान (कहानी-संग्रह) नेपाली भाषा में रोशन राय ‘चोट’ द्वारा देशको अनुहार (कविता-संग्रह), मणिपुरी भाषा में सोनिया खुन्द्रकपम द्वारा लोइयुम्बा (उपन्यास) को अवॉर्ड दिया जाएगा। 

बाल साहित्यकार पुरस्कार 2022 के विजेता

साहित्य अकादमी ने हिंदी के लिए क्षमा शर्मा, उर्दू के लिए ज़फर कलामी और अंग्रेजी के लिए अर्शिया सत्तार समेत 22 भाषाओं के लेखकों-लेखिकाओं को अकादमी का बाल साहित्य पुरस्कार 2022 दिए जाने की बुधवार को घोषणा की। हिंदी में लेखिका शर्मा को “क्षमा शर्मा की चुनिंदा बाल कहानियां’ के लिए प्रतिष्ठित बाल साहित्य पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उर्दू में कमाली को उनके कविता संग्रह ‘हौंसलों की उड़ान’ तथा अंग्रेजी में अर्शिया सत्तार को उनके ‘महाभारत फॉर चिल्ड्रन’, संस्कृत में कुलदीप शर्मा को उनके कविता संग्रह ‘सचित्रम् प्रहेलिकाशतकम् (अभिनवसंस्कृतप्रहेलिका:)’ के लिए, राजस्थानी में विश्वामित्र दाधीच उनके कविता संग्रह ‘माछलयां रा आंसू’ के लिए और बांग्ला में जय मित्र को उनके कहानी संग्रह ‘चार पांच जोन बोंधु’ के लिए पुरस्कृत किया जाएगा। साथ ही मराठी में संगीता बर्वे को उनके उपन्यास ‘पियूची वही’ के लिए सम्मानित किया जाएगा।