लाइव टीवी

पूजा-पाठ के अलावा कई कामों में इस्‍तेमाल होता है कपूर, जानें कहां और कैसे कर सकते हैं इस्‍तेमाल

Updated Apr 10, 2021 | 16:44 IST

पूजा सामग्री में सबसे महत्वपूर्ण सामग्रियों में से एक कपूर माना जाता है। लोग कपूर का ज्यादातर इस्तेमाल पूजा-पाठ में करते हैं लेकिन पूजा-पाठ के अलावा भी कपूर का इस्तेमाल कई और तरह से किया जा सकता है।

Loading ...
Kapoor
मुख्य बातें
  • अक्सर पूजा-पाठ में किया जाता है कपूर का इस्तेमाल।
  • कई घरेलू बीमारियों को ठीक करने में सक्षम है कपूर।
  • रूम के साथ कपड़ों को भी कपूर के इस्तेमाल से रख सकते हैं फ्रेश

आपने पूजा-पाठ करते समय कपूर का इस्तेमाल तो अवश्य किया होगा। बहुत समय पहले से कपूर का इस्तेमाल देवी-देवताओं की पूजा पाठ में होता आ रहा है, इसके अलावा कपूर का इस्तेमाल कई घरेलू बीमारियों को ठीक करने के लिए भी किया जाता है। आयुर्वेद में कपूर के गुणों का उल्लेख किया गया है और जानकार यह बताते हैं कि कई बीमारियों के खिलाफ कपूर एक रामबाण इलाज की तरह काम करता है। आप में से कई लोग यह नहीं जानते होंगे कि पूजा-पाठ और बीमारी ठीक करने के साथ कपूर का उपयोग कई और तरह से भी किया जा सकता है। अगर आप यह सोच रहे हैं कि कपूर का इस्तेमाल किन चीजों में किया जा सकता है तो इस लेख को अवश्य पढ़ें।

रूम फ्रेशनर की तरह कपूर करता है काम

अगर आपको अपना घर साफ-सुथरा और खुशबूदार बनाकर रखना पसंद है तो आप कपूर का इस्तेमाल कर सकते हैं। अपने घर के लिए सुगंधित रूम फ्रेशनर बनाने के लिए सबसे पहले कपूर को पीसकर पाउडर बना लीजिए फिर इसमें दो चम्मच लैवंडर ऑयल डालिए। अब आप इस मिश्रण को किसी स्प्रे बोतल में भर दीजिए। आप जब चाहें इसे स्प्रे करके अपने घर को सुगंधित कर सकते हैं।

कपड़ों की फ्रेशनेस को रखता है बरकरार

हम लोग अपने कपड़ों को फ्रेश रखने के लिए और कीड़े-मकोड़ों से बचाने के लिए नेप्थलीन बॉल्स का इस्तेमाल करते हैं। अगर आपके घर में नेप्थलीन बॉल्स खत्म हो गई है तो आप कपूर को दो हिस्सों में तोड़ लीजिए फिर किसी कागज या सूती के कपड़े में लपेटकर अपने वार्डरोब में रख दीजिए। कपूर की मदद से आपके कपड़े फ्रेश रहेंगे और कीड़े-मकोड़े भी आसपास नहीं भटकेंगे।

कीड़े-मकोड़ों से घर को रखता है सुरक्षित

गर्मियों के मौसम में घर के अंदर कई छोटे-मोटे कीड़े-मकोड़े उड़ते रहते हैं जिनसे सब छुटकारा पाना चाहते हैं। अगर आपके घर में भी यह समस्या रहती है तो आप कपूर का इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके लिए कपूर के पाउडर में दालचीनी पाउडर और पानी मिला दीजिए फिर अपने घर में इसे छिड़क दीजिए। ऐसा करने से कीड़े-मकोड़े आपके घर से भाग जाएंगे।

कपूर से मन रहता है शांत

अगर आपको शांतिपूर्ण तरीके से रहना पसंद है तो एक पानी के बर्तन में कपूर रखें और उसे अपने बेडरूम में रख दीजिए। इससे आपका दिमाग हमेशा शांत और फ्रेश रहेगा।

अन्य समस्याएं भी होती हैं दूर

वास्तु दोष से मुक्ति पाने के लिए कई लोग कपूर का इस्तेमाल करते हैं। ऐसा कहा जाता है कि अगर कोई इंसान खुजली से परेशान है तो उसे कपूर जरूर उपयोग करना चाहिए। इतना ही नहीं दांत के दर्द से भी निजात पाने के लिए कपूर का इस्तेमाल किया जाता है।