लाइव टीवी

Lucknow Nagar Nigam: अब भूमिगत पार्किंग में वसूली करेगा नगर निगम, गंदगी फैलाने वालों पर लगेगा 40 हजार जुर्माना

Updated Jun 01, 2022 | 14:59 IST

Lucknow Nagar Nigam: लखनऊ में अब नगर निगम की भूमिगत पार्किंग में वसूली एलडीए कराएगा। निगम के पास कर्मचारियों की कमी है, इसके चलते फैसला लिया गया कि शुल्क की वसूली में निजी एजेंसी की मदद ली जाएगी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
लखनऊ में नगर निगम पार्किंग स्थल पर करेगा वसूली (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • लखनऊ में नगर निगम पार्किंग स्थल पर वसूली करेगा एलडीए
  • वसूली में निजी एजेंसी की मदद ली जाएगी
  • जेम पोर्टल के माध्यम से नगर निगम अब तय करेगा सफाई एजेंसियां

Lucknow Nagar Nigam: लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) अब अपनी सभी मल्टीलेवल व भूमिगत पार्किंग में खुद शुल्क की वसूली करेगा। इसमें निजी एजेंसी की मदद ली जाएगी। इसके लिए शार्ट टर्म टेंडर कराया जा रहा है। जो एजेंसी टेंडर में चयनित होगी उसकी पार्किंग स्थलों पर वूसली की जिम्मेदारी होगी। अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह ने बताया कि नगर निगम की भूमिगत पार्किंग में वसूली एलडीए कराएगा। निगम के पास इतने कर्मचारी नहीं हैं इसीलिए टेंडर कराकर निजी एजेंसी के कर्मचारी लगाए जाएंगे। इन्हें नगर निगम टोकन उपलब्ध कराएगा। यह पार्किंग स्थलों से वसूली करेंगे।

अपर नगर आयुक्त पंकज सिंह ने कहा कि निगम की कई पार्किंग में गड़बड़ी पकड़ी गई थी। उन्होंने कहा कि अब कोई भी मासिक पास नहीं जारी किया जाएगा। जिन्हें जारी किया गया है वह 24 घंटे गाड़ी नहीं खड़ी कर पाएंगे।

जेम पोर्टल से रखे जाएंगे सफाईकर्मी

वहीं, लखनऊ नगर निगम अब जेम पोर्टल के माध्यम से सफाई एजेंसियों को रखेगा। जेम पोर्टल के माध्यम से सेवाप्रदाता संस्थाओं के मध्य प्रतियोगात्मक आधार पर सफाईकर्मी रखने के निर्देश दिए गए हैं। सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए अब सफाई कर्मियों व श्रमिकों को जेम पोर्टल के जरिए रखने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत सफाई के लिए शहर को दो हिस्सो में सिस गोमती व ट्रांस गोमती में विभाजित किया गया है। सफाई के अलावा अन्य कार्यों के लिए भी अब नगर निगम ठेके के कर्मचारियों को ग्लोबल टेंडर के जरिये ही रखेगा। कार्यदायी संस्थाओं के जरिये प्रस्ताव पर कर्मचारी रखने की व्यवस्था को बंद किया जाएगा। 

एक कंपनी एक ही क्षेत्र में काम के लिए डाल सकेगी टेंडर 

सफाई को छोड़, मार्ग प्रकाश, उद्यान, केंद्रीय कार्यशाला आदि विभागों में भी करीब तीन हजार कर्मचारी कार्यदायी संस्थाओं के जरिए अभी लगे हुए हैं। नगर निगम आयुक्त अजय द्विवेदी ने बताया कि सफाई कार्य के लिए शहर को दो हिस्सों में सिस गोमती और ट्रांसगोमती में बांटकर दो एजेंसियों का चयन जेम पोर्टल पर ग्लोबल टेंडर के जरिये किया जाएगा। इसमें एक कंपनी ट्रांसगोमती और दूसरी सिस गोमती के लिए रहेगी। दोनों का टेंडर भी अलग-अलग होगा। काम सही हो और किसी एक कंपनी का एकाधिकार न रहे इसके लिए किसी भी एक कंपनी को दोनों क्षेत्रों का काम नहीं दिया जाएगा। एक कंपनी एक ही क्षेत्र में काम के लिए टेंडर डाल सकेगी।

गंदगी फैलाने वालों पर 40 हजार जुर्माना

नगर निगम के अधिकारियों ने मंगलवार को विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया। कई जगह गंदगी मिली। छन्नी लाल चौराहे पर मोटर कम्पनी की ओर से गंदगी फैलाई जा रही थी। उस पर 40 हजार रुपए जुर्माना लगाया गया। रेलवे क्रासिंग महानगर से समथर पेट्रोल पम्प तक सफाई व्यवस्था सही नहीं मिली। बीट इंचार्ज रामलखन को चेतावनी दी गई।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।