लाइव टीवी

बाराबंकी में दिल दहला देने वाली वारदात, पौधे उखाड़ने पर हुआ विवाद, डंडे से पीटकर महिला की नृशंस हत्या, 3 घायल

Updated Aug 25, 2022 | 23:31 IST

Barabanki Murder: बाराबंकी में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां खेत की मेड़ पर लगे पौधे को उड़ाने पर महिला की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। महिला का बेटा और बेटी व जेठानी घायल हो गए।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
महिला की पीट-पीटकर हत्या
मुख्य बातें
  • बाराबंकी में महिला की पीट-पीटकर हत्या
  • खेत की मेड़ पर लगे पौधे को उड़ाने पर हुआ विवाद
  • महिला का बेटा और बेटी और जेठानी पिटाई में घायल

Murder In UP: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में गुरुवार को एक महिला की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। बाराबंकी के फतेहपुर कोतवाली इलाके के खांसी सरांय गांव में खेत में मेड़ पर पौधे उखाड़ने के विवाद में हमलावरों ने महिला की पीट-पीट कर हत्या कर दी। वहीं, हमले में महिला का बेटा, बेटी और जेठानी घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। तनाव को देखते हुए गांव में पुलिस बल तैनात किया गया है।

जानकारी के अनुसार, खांसी सरांय गांव में रहने वाले राजेंद्र प्रसाद और उनके पट्टीदार राकेश कुमार के बीच भूमि विवाद को लेकर पुरानी रंजिश चल रही है। 15 दिन पहले राजेंद्र पक्ष ने खेतों के मेड़ पर यूकेलिप्टस के पौधे लगाए थे। 

दूसरे पक्ष ने मेड़ पर लगे पौधे उखाड़ दिए 

आरोप है कि, बुधवार को मेड़ पर लगे पौधे दूसरे पक्ष ने उखाड़ दिए। इसको लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। हालांकि बुधवार को ग्रामीणों ने मामले को शांत करा दिया था। गुरुवार सुबह इस बात को लेकर दोनों पक्षों में फिर से झगड़ा शुरू हो गया। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों में लाठी डंडे चलने लगे। राकेश पक्ष के लोगों ने राजेंद्र की पत्नी रामलली (45), पुत्री राखी (16) पुत्र विवेक (12), बड़े भाई की पत्नी माया देवी (32) को लाठी-डंडों से जमकर पीटा।

महिला ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

जिससे सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से पुलिस ने सभी को इलाज के लिए सीएचसी फतेहपुर पहुंचाया। यहां से रामलली और माया देवी की हालत गंभीर देख डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में रामलली ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मामले में राकेश कुमार, उसके पुत्र शिवम और भाई मुकेश के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। 

मां की मौत के बाद बेटा और बेटी का रो-रोकर बुरा हाल

ग्रामीणों ने बताया कि, दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद को अगर बैठ कर सुलझाने का प्रयास किया गया होता तो रामलली की जान न जाती। हालांकि ग्रामीणों ने कई बार विवाद सुलझाने की कोशिश की थी। मां रामलली की मौत के बाद बेटा विवेक और राखी बेहाल हो गए हैं। पुलिस अधीक्षक अनुराग वत्स ने कहा कि, पौधे उखाड़ने पर मारपीट हुई थी, इसमें महिला की मौत हो गई है। केस दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों पक्षों के बीच काफी समय से रंजिश चली आ रही थी। 
 

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।