लाइव टीवी

Women's Day: लखनऊ में प्रियंका गांधी के नेतृत्व में 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' नारे के साथ निकली रैली

Updated Mar 09, 2022 | 11:22 IST

Lucknow Women's Day: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के सिकंदरबाग से 1090 चौराहे तक कांग्रेस पार्टी के तत्वाधान में 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' नारे के साथ पैदल मार्च निकाली गई। इस रैली में प्रियंका गांधी वाड्रा समेत डॉक्टर्स, फिल्म जगत और अन्य वर्गों से जुड़ी महिलाएं सम्मिलित हुईं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने लखनऊ में मंगलवार को पैदल मार्च का नेतृत्व किया।
मुख्य बातें
  • यूपी कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में निकला यह मार्च
  • महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य के साथ निकली इस रैली में कई वर्गों की महिलाएं हुईं शामिल
  • ढोल-नगाड़ों के साथ सिकंदरबाग से 1090 चौराहे तक पूरा रास्ता हुआ पिंक

Lucknow Women's Day: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के सभी चरणों के मतदान समाप्त हो चुके हैं। लेकिन कांग्रेस पार्टी जिस नारे के साथ चुनावी मैदान में उतरी, उसी नारे के साथ कांग्रेस पार्टी अभी भी सक्रिय नजर आ रही है। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित कांग्रेस के पार्टी कार्यालय पर राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में महिलाओं का पैदल मार्च निकाला गया। लगभग तीन किमी के इस मार्च में शामिल होने वाली कुछ महिलाओं को कांग्रेस पार्टी के द्वारा स्कूटी तथा स्मार्ट फोन के ऑफर की बात भी सामने आ रही है। 

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर यूपी कांग्रेस की महिला विंग के द्वारा लखनऊ में पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव तथा उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के नेतृत्व में महिला सशक्तिकरण का संदेश देते हुए 'लड़की हूं, लड़ सकती हूं' महिला मार्च का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि इस मार्च में उत्तर प्रदेश में विधानसभा का चुनाव लड़ने वाली कांग्रेस की 159 महिला प्रत्याशी सम्मिलित हुईं। यूपी कांग्रेस प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा के साथ इस मार्च में सम्मिलित होने के लिए देश भर से कांग्रेस की निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों को भी बुलाया गया। 


ढोल-नगाड़ों के साथ निकाली गई रैली, प्रियंका गांधी ने सभी का किया अभिवादन

इंटरनेशनल वीमेंस डे पर लखनऊ का 1090 चौराहा लड़की हूं लड़ सकती हूं... नारे से गूंज रहा था। सिकंदरबाग से 1090 चौराहे तक का रास्ता ऐसा लग रहा था कि जैसे गुलाबी रंग में रंग गया हो। वहीं इस कार्यक्रम में महिलाओं में जबरदस्त उत्साह भी देखने को मिला। इस मार्च में महिलाओं ने "लड़की हूं लड़ सकती हूं" लिखी हुई गुलाबी रंग की साड़ी पहनी हुई थी। साथ ही प्रियंका गांधी की फोटो वाले बैग और दुपट्टा पहने हुए भी नजर आईं। इस रैली में करीब दो बजे प्रियंका गांधी पहुंचीं। कार्यक्रम के बीच प्रियंका गांधी को पाकर कार्यकर्ताओं ने प्रियंका गांधी जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस दौरान प्रियंका ने हाथ हिलाकर सभी का अभिवादन किया। इस रैली में ढोल नगाड़े भी बजते नजर आए।


कांग्रेस के लिए लड़की हूं लड़ सकती हूं सिर्फ नारा नहीं एक आंदोलन 

एक कांग्रेस नेत्री ने बताया कि, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से शुरू किया गया 'लड़की हूं लड़ सकती हूं' अभियान कांग्रेस के लिए एक आंदोलन है। उनका मानना है कि कांग्रेस महिलाओं के सशक्तिकरण की सिर्फ बात ही नहीं करती है, बल्कि उसे धरातल पर उतरती है। कांग्रेस के लिए  'लड़की हूं लड़ सकती हूं' सिर्फ चुनावी नारा तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य देश-प्रदेश में महिलाओं को सामाजिक और आर्थिक रूप से सशक्त एवं सक्षम बनाना है। साथ ही कांग्रेस पार्टी का उद्देश्य भारतीय राजनीति में महिलाओं और उनकी आकांक्षाओं को मुख्यधारा में लाना है। 


कई वर्गों की महिलाएं हुईं सम्मिलित

राजधानी लखनऊ में आयोजित इस रैली में डॉक्टर्स, सेविकाओं, शिक्षिकाओं के अलावा खेल और फिल्म जगत से जुड़ी महिलाओं भी शामिल हुईं। वहीं कांग्रेस पार्टी की महिला पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने भी खूब उत्साह दिखाया।

Lucknow News in Hindi (लखनऊ समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।