लाइव टीवी

Mumbai: राजभवन तक पहुंचा कोरोना, 18 कर्मचारी पॉजिटिव, आइसोलेशन में राज्यपाल

Updated Jul 12, 2020 | 10:09 IST

Mumbai Raj Bhavan: मुंबई के राजभवन में कम से कम 18 लोगों का कोरोना वायरस टेस्ट पॉजिटिव आया है। इसके बाद महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने खुद को आइसोलेट कर लिया है।

Loading ...
महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी
मुख्य बातें
  • महाराष्ट्र में कोरोना के सबसे ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं
  • मुंबई में भी कोरोना के 91 हजार से ज्यादा मामले हो चुके हैं
  • महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने खुद को आइसोलेट कर लिया है

नई दिल्ली: मुंबई स्थित राजभवन (राज्यपाल का निवास) कोरोना की चपेट में आ गया है। यहां कम से कम 18 लोग कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने खुद से अपना टेस्ट कराया था। बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) फिर से उनका टेस्ट कराएगा। कोरोना पॉजिटिव आने वाले लोगों में राज्यपाल के करीबी काम करने वाले कर्मचारी भी शामिल हैं। इसके बाद महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने खुद को आइसोलेट कर लिया है। राजभवन के लगभग 100 कर्मचारियों का कोविड-19 टेस्ट किया गया है। देश में सबसे ज्यादा कोरोना के मामले महाराष्ट्र से ही सामने आ रहे हैं। यहां कुल मामले ढाई लाख होने वाले हैं। 

महाराष्ट्र में शनिवार को कोविड-19 के 8,139 नए मामले सामने आए, जो कि एक दिन में सबसे ज्यादा हैं। इसके बाद राज्य में कोरोना के कुल मामले बढ़कर 2,46,600 हो गए। यहां मृतकों की संख्या बढ़कर 10,116 हो गई है। राज्य में ठीक हुए मरीजों की कुल संख्या बढ़कर 1,36,985 हो गई है। राज्य में वर्तमान में 99,499 उपचाराधीन मामले हैं जबकि अभी तक कुल 12,85,991 लोगों की जांच हुई है।

वहीं मुंबई में शनिवार को कोरोना वायरस संक्रमण के 1,308 मामले सामने आए जिसके बाद शहर में कुल मामलों की संख्या बढ़कर 91,457 हो गई। यहां महामारी से मरने वालों की संख्या बढ़कर 5,241 हो गई है। अभी तक शहर में 63,431 मरीज ठीक हो चुके हैं। बीएमसी ने कहा कि मुंबई में अभी 22,779 मरीजों का इलाज चल रहा है। 

अमिताभ-अभिषेक को कोरोना

वहीं अभिनेता अमिताभ बच्चन और उनके बेटे अभिषेक बच्चन कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। महाराष्ट्र के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने इस बारे में और जानकारी देते हुए कहा कि दोनों में बीमारी के हल्के लक्षण थे और उन्होंने संक्रमण का पता लगाने के लिए रैपिड एंटीजन टेस्ट करवाया था। अमिताभ बच्चन जी और अभिषेक को हल्के लक्षण थे। उन्हें खांसी और बुखार था। उन्होंने रैपिड एंटीजन टेस्ट करवाया, जिसमें दोनों में संक्रमण की पुष्टि हुई। चूंकि वह (अमिताभ) अन्य रोगों से भी पीड़ित हैं इसलिए वह अस्पताल में भर्ती हो गए। टोपे ने बताया कि जया बच्चन और ऐश्वर्या राय बच्चन समेत पूरे बच्चन परिवार ने कोविड-19 की जांच करवाई है।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।