लाइव टीवी

Mumbai Murder Case : आखिर खुल गया रेलवे ट्रैक पर बैग में मिले महिला के शव का राज, ये निकला हत्यारा

Updated May 26, 2022 | 19:32 IST

Mumbai Murder Case : मुंबई में रेलवे ट्रैक पर बैग में बंद मिले महिला के शव का राज खुल गया है। महिला की हत्या उसी के साथ काम करने वाले शख्स ने की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ की जा रही है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
आखिर खुल गया रेलवे ट्रैक पर बैग में मिले महिला के शव का राज (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • खुल गया बैग में बंद महिला के शव का राज
  • महिला के साथ काम करने वाले ने की थी हत्या
  • पुलिस ने हत्या के आरोपी को किया गिरफ्तार

Mumbai Murder Case: राजधानी मुंबई में रेलवे ट्रैक पर बैग में बंद मिले महिला के शव का राज आखिरकार पुलिस ने कुछ ही घंटों में खोल दिया है। महिला की हत्या करने के बाद उसका शव यहां फेंका गया था और महिला का हत्यारा उसी के साथ काम करने वाला एक शख्स विकास खेरनार निकला है, जिसकी उम्र महज 21 साल है। आरोपी ने महिला की स्टाफ वॉशरूम में हत्या की थी, जिसके बाद बॉडी को पैक करके रेलवे ट्रैक पर लाकर फेंक दिया। हालांकि, आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ ही गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। 

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक महिला की पहचान 30 वर्षीय सारिका चाल्के के रूप में की गई है। सारिका दो बच्चों की मां थी और बतौर मेड एक जगह पर काम करती थी। उसी जगह पर आरोपी युवक भी काम करता था। दोनों पहले एक दूसरे के नजदीक थे। लेकिन कुछ दिनों से सारिका की दोस्ती एक अन्य युवक से हो गई थी, जिस वजह से विकास काफी नाराज था। उसने सारिका को फोन कर स्टाफ वॉशरूम में बुलाया और हत्या कर डाली। जिसके बाद उसने सारिका की बॉडी को एक बैग में पैक किया, जिसके बाद ऑटो और लोकल ट्रेन से होते हुए महिम और माटूंगा स्टेशन के बीच एक जगह पहुंचकर उसके शव को रेलवे ट्रैक पर फेंककर फरार हो गया।

ऐसे पकड़ा गया विकास

पुलिस ने अगले दिन शव को कब्जे में ले जाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। दूसरी ओर सारिका के घर नहीं पहुंचने पर उसके पति ने मिसिंग रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस को उसके पति ने जैसी पहचान बताई वो शव से मेल खा रही थी, जिसके बाद महिला की पहचान हो गई। पुलिस ने महिला के कॉल डिटेल्स निकाले तो उसमें सबसे कॉमन विकास का नंबर निकला। गायब होने से पहले भी दोनों के बीच कई बार बात हुई थी। 

वहीं जब पुलिस ने सीसीटीवी देखा तो उसमें विकास प्लास्टिक बैग ले जाता हुआ नजर आया जिसमें शव था। जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि, दोनों के बीच नजदीकी के अलावा लेनदेन भी एक हत्या की वजह रही। महिला ने विकास से पैसे उधार लिए थे, जिस वजह से भी विकास नाराज था। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।