लाइव टीवी

Mumbai: ऐप के जरिए मिलेगी आईसीयू बेड्स और वेंटिलेटर की जानकारी

Updated Jun 18, 2020 | 14:14 IST

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में कोरोना के मामले लगातार तेज रफ्तार से बढ़ रहे हैं जिसका असर स्वास्थ्य सेवाओं पर भी पड़ रहा है। इस बीच बीएमसी एक ऐप लॉन्च किया है।

Loading ...
Mumbai: ऐप के जरिए मिलेगी ICU बेड्स और वेंटिलेटर की जानकारी
मुख्य बातें
  • महाराष्ट्र में कोरोना से सर्वाधिक प्रभावित रहा है मुंबई
  • मुंबई में अभी तक 60 हजार से अधिक कोरोना वायरस के मामले आ चुके हैं सामने
  • मुंबई में आईसीयू बिस्तरों और वेंटिलेटर की उपलब्धता की जानकारी अब मिलेगी एप पर

मुंबई: कोरोना वायरस महामारी के बीच मुंबई के लोग अब अस्पतालों में आईसीयू बिस्तरों और वेंटिलेटर की उपलब्धता के बारे में जानकारी एक नए मोबाइल ऐप के जरिए हासिल कर सकेंगे। महापौर किशोरी पेडनेकर ने बुधवार को 'एयर-वेंटी’ नाम के ऐप को लॉन्च करते हुए कहा कि इससे लोगों को आपात स्थिति में मदद मिलेगी।

एप ऐसे करें डाउनलोड

 पेडनेकर ने संवाददाताओं को बताया, ‘इस ऐप से लोग मुंबई के अस्पतालों में आईसीयू बिस्तरों और वेंटिलेटरों की उपलब्धता की जानकारी हासिल कर सकेंगे।’ उन्होंने बताया कि ऐप को शहर के आपदा नियंत्रण कक्ष के डैशबोर्ड से जोड़ा गया है और इसका लिंक मुंबई महानगरपालिका के ऐप के जरिए भी हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि ऐप को गूगल प्ले स्टोर में जाकर डाउनलोड किया जा सकेगा।

मुंबई में 60 हजार के पार मामले

बुधवार तक मुंबई में कोरोना वायरस संक्रमण के 61,501 मामले और मृतक संख्या 3,242 थी। आपको बता दें कि मुंबई महाराष्ट्र में सर्वाधिक प्रभावित शहर है। मुंबई के धारावी में बुधवार को 17 और लोगों को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया, जिससे इस झुग्गी इलाके में संक्रमितों की संख्या 2,106 तक पहुंच गई। नगर निकाय ने यह जानकारी दी।। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि धारावी में पिछले 24 घंटों में संक्रमण के कारण कोई भी ताजा मौत नहीं हुई है, जहां मृतकों की संख्या 77 है।

Mumbai News in Hindi (मुंबई समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।