लाइव टीवी

Noida News: मच्छर रोधी रसायन के छिड़काव करते समय 16 महिलाएं हुईं बेहोश, मचा हड़कंप, सभी अस्पताल में भर्ती

Updated Sep 12, 2022 | 15:11 IST

Noida Police: नोएडा में मच्छर रोधी दवा का छिड़काव करते समय 16 महिलाओं के बेहोश होने का मामला सामने आया है। पुलिस ने सभी 16 महिलाओं को पास के अस्पताल में भर्ती कराया है। सभी की हालत पहले से सामन्य है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
नोएडा में मच्छरों के नियंत्रण के लिए छिड़काव करती 16 महिलाएं हुई बेहोश, अस्पताल में एडमिट (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • छिड़काव करते समय बेहोश होकर गिरी महिलाएं
  • सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने सभी को कराया अस्पताल में भर्ती
  • छिड़काव की जगह पर रहने वाले लोगों में मचा हड़कंप

Noida News: नोएडा से एक बड़ी खबर सामने निकलकर आई है। यहां मच्छर रोधी रसायन का छिड़काव करने गई महिलाओं के बेहोश होने का प्रकरण सामने आया है। बता दें कि रसायन का छिड़काव कर रही महिलाओं के बेहोश होकर गिरने के बाद हड़कंप जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। तत्काल पुलिस को भी इस मामले की सूचना दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने महिलाओं को अस्पताल भेजवा दिया।

बता दें कि वहां उनकी स्थिति पहले से ठीक बताई जा रही है। महिलाओं के बेहोश होने के बाद छिड़काव वाले स्थान पर रहने वाले अन्य लोगों में भी घबराहट बढ़ गई। हालांकि फिलहाल घटना वाली जागह पर हालात सामान्य हैं।

नोएडा इकोटेक-3 थाना क्षेत्र का है मामला

मिली जानकारी के अनुसार नोएडा के इकोटेक-3 इलाके में महिलाओं के बेहोश होने का प्रकरण सामने आया है। इस प्रकरण में गौतमबुद्धनगर पुलिस की ओर से जानकारी साझा की गई है । बताया जा रहा है कि, इकोटेक-3 इलाके में एक कंपनी में मच्छर रोधी लिक्विड का छिड़काव करने के बाद 16 महिला कर्मचारी मौके पर बेहोश होकर गिर गईं थीं। मामले की जानकारी मिलते ही उन्हें एक निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया है कि, सभी महिला कर्मचारियों का उपचार चल रहा है। उनकी स्थिति बेहतर बताई जा रही है।

शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई

गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट के मीडिया प्रभारी पंकज कुमार ने बताया है कि सभी महिलाओं का इलाज निजी अस्पताल में चल रहा है। अस्पताल के डाक्टरों का कहना है कि, सभी महिलाओं की हालत खतरे से बाहर है। मौके पर स्थानीय पुलिस की टीम और अधिकारी मौजूद हैं। इस मामले में अग्रिम कार्रवाई की जा रही है। अभी तक किसी ने शिकायत दर्ज नहीं  कराई है। इस प्रकरण में अगर किसी की ओर से शिकायत मिलती है तो आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।