लाइव टीवी

Crime in Bihar : बिहार में अपराधी बेकाबू, पैसों के विवाद में जमीन कारोबारी को मारी गोली, डर का माहौल कायम

Updated Sep 03, 2022 | 15:58 IST

Bihar Police: बिहार में एक बार फिर से अपराध का ग्राफ बढ़ने लगा है। अपराधी बेखौफ होकर लोगों पर गोलियां बरसा रहे हैं। ताजा मामला नालंदा जिले का है। यहां जमीन कारोबारी को गोली मारी गई है। घायल का इलाज चल रहा है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
नालंदा में जमीन कारोबारी को मारी गोली
मुख्य बातें
  • भागन बिगहा ओपी क्षेत्र के बबूरबन्ना इलाके की घटना
  • घायल की पहचान 43 वर्षीय देव आनंद कुमार के रूप में हुई
  • पांच बदमाशों ने उन पर किया हमला

Bihar News: नालंदा के अपराधियों में पुलिस का खौफ नहीं रह गया है। आए दिन अपराधी गोलीबारी कर रहे हैं। शुक्रवार की देर रात अपराधियों ने पैसों के विवाद में जमीन कारोबारी को गोली मार दी। घायल का अस्पताल में इलाज चल रहा है। कारोबारी पर भागन बिगहा ओपी क्षेत्र अंतर्गत बबूरबन्ना इलाके में हमला किया गया है। फायरिंग की सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घायल को सदर अस्पताल पहुंचाया। 

जख्मी की पहचान बबूरबन्ना निवासी 43 वर्षीय देवानंद कुमार के रूप में हुई है। देवानंद को दाएं जांघ में गोली लगी है। इन्होंने बताया कि पांच बदमाशों ने हमला किया है। बदमाशों ने उनको घेरकर गोली मारी है। 

गोली मारने के बाद फायरिंग करते हुए फरार


घायल देवानंद ने पुलिस को बताया है कि इन्हें अपराधियों ने एक गोली मारी। इसके बाद फायरिंग करते हुए वहां से फरार हो गए। इन्होंने हमले का आरोप रहुई निवासी रानी गोप के बेटे रजनीश कुमार एवं उसके साथियों पर लगाया है। देवानंद का कहना है कि वह जमीन की खरीद-बिक्री का काम करते हैं। वार्ड सदस्य के पति शिवशंकर कुमार ने उन्हें खाने पर बुलाया था। रात में वह खाना अपने घर बाइक से लौट रहे थे। इसी दौरान आंगनबाड़ी केंद्र के पास सड़क किनारे खड़े बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। 


जल्द होगी अपराधियों की गिरफ्तारी


पुलिस का कहना है कि घायल देवानंद का बयान दर्ज कर लिया गया है। पांच लोगों के खिलाफ हत्या की कोशिश मामले में केस दर्ज किया गया है। बहुत जल्द पांचों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वहीं, इस मामले में किसी और संलिप्तता उजागर होती है तो उस पर भी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने कहा कि बदमाशों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।