लाइव टीवी

Patna Laser Show News: अगस्त से पटनावासी फिर से गोलघर में ले सकेंगे साउंड एंड लेजर शो का आनंद

Updated Jul 03, 2022 | 15:20 IST

Patna Laser Show News: पटना के लोगों के लिए बेहद अच्छी खबर है। एक बार फिर से शहरवासी गोलघर में लेजर शो का आनंद ले सकेंगे। बच्चे, बड़े-बुजुर्गों का इंतजार अगले महीने खत्म हो जाएगा। इसे फिर से शुरू करने के लिए जरूरी काम चल रहे हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
गोलघर में अगले महीने से फिर लेजर शो होगा शुरू
मुख्य बातें
  • पिछले ढाई साल से गोलघर के जीर्णोद्धार एवं अन्य कारणों से बंद था लेजर शो
  • अब अत्याधुनिक उपकरणों की मदद से नए रंग-रूप में दिखेगा लेजर शो
  • लेजर शो के संचालन और रखरखाव के लिए टेंडर आमंत्रित किया गया है

Patna Laser Show News: बिहार की शान गोलघर का जीर्णोद्धार लगभग पूरा हो चुका है। इसके साथ ही यहां चलने वाले लेजर शो को फिर से शुरू करने की तैयारियां शुरू हो गईं हैं। शहरवासी अगस्त से गोलघर के अंदर फिर से लेजर शो का आनंद ले सकेंगे। दरअसल, गोलघर के जीर्णोद्धार कार्य एवं अन्य कारणों की वजह से पिछले ढाई साल से लेजर शो का संचालन नहीं हो रहा था। 

अब अगले महीने से नए सिरे से अत्याधुनिक उपकरणों का प्रयोग कर नए तरीके से लेजर शो की शुरुआत की जानी है। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग ने इसके लिए एजेंसी की खोज शुरू कर दी है। 

15 जुलाई तक टेंडर जमा कर सकती हैं एजेंसिंयां

इस बारे में कला, संस्कृति एवं युवा विभाग के अपर सचिव दीपक आनंद का कहना है कि लेजर शो के संचालन और रख-रखाव के लिए टेंडर निकाल दिया गया है। विभिन्न एजेंसियां 15 जुलाई तक अपना टेंडर जमा कर सकती हैं। इस महीने के अंत तक एजेंसी का चयन कर लिया जाना है। ताकि अगले महीने से लेजर शो की शुरुआत कर दी जाए। 

एक दिन में चलेंगे सात शो

इस बार एक दिन में सात लेजर शो का संचालन किया जाएगा। इसके माध्यम से दर्शकों को पटना का गौरवशाली इतिहास और गोलघर बनने की कहानी बताई जाएगी। इसके अतिरिक्त पटना के अन्य ऐतिहासिक एवं रोचक जानकारियों को लाइट एंड साउंड के जरिए बताया जाएगा। गौरतलब है कि गोलघर में लेजर शो की शुरुआत 2015 में की गई थी। इसका उद्देश्य गोलघर के प्रति पर्यटकों का आकर्षण बढ़ाने और बिहार की ऐतिहासिक महत्ता को बताना था। 

अदालतगंज तालाब किनारे भी लेजर शो

शहर के अदालतगंज तालाब किनारे भी लेजर शो का संचालन होता है। यहां नौकायन, जार्बिंग बाल, ट्रैंपोलीन, म्यूजिकल फाउंटेन, फव्वारा आदि है। इनका संचालन सुबह नौ बजे से रात नौ बजे तक होता है। हर दिन यहां एक हजार लोग आते हैं। इसकी शुरुआत एक अप्रैल से की गई है। 

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।