लाइव टीवी

Bihar Crime News: बिहार के इस युवक को गर्लफ्रेंड के नखरे पड़े भारी, प्यार में आशिक बना चोर, हुआ गिरफ्तार

Updated Jul 14, 2022 | 20:53 IST

Bihar Crime News: एक अनोखा मामला बिहार के अरवल से सामने आया है, जहां एक युवक को गर्लफ्रेंड के महंगे शौक भारी पड़ गए। प्रेमिका को महंगी गाड़ियों में घूमने का शौक था, जिसे पूरा करने के लिए लवर शातिर चोर बन बैठा। 

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
गर्लफ्रेंड के शौक पूरे करने के लिए युवक बना चोर हुआ गिरफ्तार
मुख्य बातें
  • बिहार का युवक गर्लफ्रेंड के लिए बन बैठा चोर
  • गर्लफ्रेंड को था महंगी गाड़ियों में बैठने का शौक
  • चंडीगढ़ में एम फार्मा का स्टूडेंट है आरोपी वाहन चोर

Bihar Crime News: अक्सर लोग कहते हैं प्यार में सब जायज होता है। प्यार के लिए इंसान किसी भी हद तक जा सकता है। कई बार प्यार का ये परवान कुछ गलत भी करवा सकता है। ऐसा ही एक अनोखा मामला बिहार के अरवल से सामने आया है, जहां एक युवक को गर्लफ्रेंड के महंगे शौक भारी पड़ गए। प्रेमिका को महंगी गाड़ियों में घूमने का शौक था, जिसे पूरा करने के लिए लवर शातिर चोर बन बैठा। 

बिहार के अरवल से अरविंद सिंह नाम के एक युवक को पुलिस ने कार चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जानकारियों के मुताबिक 27 जून को अरविंद सिंह करपी थाना क्षेत्र के वाजिदपुर गांव में किसी रिश्तेदार के यहां गया हुआ था, उसी दौरान उसने मौका देखकर गांव के एक व्यक्ति की कार की चाबी चुरा ली थी। चाबी हाथ लगने के बाद से ही अरविंद सिंह कार चुराने के लिए लगातार रेकी कर रहा था। इसके बाद मंगलवार की रात मौका मिलते ही अरविंद सिंह ने कार चोरी कर ली। 

चोर की एक गलती उसे पड़ी भारी, खुल गई पोल

कार को चोरी करने के पश्चात अरविंद सिंह ने उसे बैदराबाद बाजार में सत्येंद्र सिंह नाम के व्यक्ति के मकान के पास छिपा दिया। आरोपी अरविंद सिंह ने कार तो चुरा ली, लेकिन उसकी एक गलती ने उसका सारा कच्चा-चिठ्ठा खोलकर रख दिया। दरअसल कार चोरी करने के दौरान आरोपी अरविंद अपनी टू व्हीलर को वाजिदपुर मोड़ के पास ही एक मकान में छोड़ आया था, जिसे वह लेने के लिए दोबारा पहुंचा। इसी दौरान ग्रामीणों को अरविंद सिंह पर शक हुआ, तो लोगों ने उसे रोककर उससे पूछताछ शुरू कर दी। पूछताछ से घबराए अरविंद सिंह की चोरी का खुलासा हो गया। जिसके बाद ग्रामीणों ने आरोपी अरविंद को पुलिस के हवाले कर दिया। 

पूछताछ में बताया गर्लफ्रेंड के शौक के लिए की चोरी

पुलिस पूछताछ के दौरान अरविंद सिंह ने जानकारी दी कि वह अपनी गर्लफ्रेंड के महंगे शौक को पूरा करने के लिए इस तरह की वारदातों को अंजाम देने लगा। पूछताछ के दौरान पुलिस को यह जानकारी मिली कि इससे पहले भी अरविंद सिंह ने झारखंड में भी कई अपराधों को अंजाम दिया है। अब इस पूरे मामले की जांच चल रही है। पुलिस ने अरविंद सिंह के द्वारा चुराई गई कार को भी बरामद कर लिया है। इसके साथ ही अब पुलिस जिले में हुई अन्य वाहन चोरियों के बारे में भी अरविंद सिंह से पूछताछ कर रही है। आरोपी अरविंद के खिलाफ करवी थाने में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इस घटना के संबंध में एसपी हिमांशु शंकर त्रिवेदी ने जानकारी दी कि अरविंद सिंह चंडीगढ़ में एम फार्मा का स्टूडेंट है। आरोपी के पिता सेना में नौकरी करते हैं। इसके साथ ही आरोपी की मां इटावा के एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर काम करती हैं।

पढ़िए Patna के सभी अपडेट Times Now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।