लाइव टीवी

Pune Crime News: पुणे में नाबालिग लड़कियों का पीछा करने वाले सिक्योरिटी गार्ड को पुलिस ने किया गिरफ्तार

Updated Sep 09, 2022 | 15:24 IST

Pune Crime News: पुणे में एक मनचले को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर पीएमपीएमएल में काम करता है। वह अक्सर नाबालिगों के आने जाने पर पीछा करता था, जिससे दोनों मासूम काफी परेशान हो गई थीं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
मनचला सिक्योरिटी गार्ड गिरफ्तार
मुख्य बातें
  • मनचले सिक्योरिटी गार्ड को दो नाबालिग लड़कियों का पीछा करने पर किया गिरफ्तार
  • अक्सर नाबालिगों के आने जाने पर पीछा करता था
  • दोनों मासूम काफी परेशान हो गई थीं

Pune Crime News: रास्ते में चलने वाली महिलाओं और लड़कियों को अक्सर मनचलों से दो-चार होना पड़ता है। यह मनचले बहुत बार महिलाओं को इतना परेशान कर देते हैं, जिसके चलते उन्हें पुलिस का सहारा लेना पड़ता है। ऐसी ही एक हैरान कर देने वाली घटना पुणे में देखने को मिली हैं, जहां एक मनचले सिक्योरिटी गार्ड को दो नाबालिग लड़कियों का पीछा करने पर गिरफ्तार किया है। वह अक्सर नाबालिगों के आने जाने पर पीछा करता था, जिससे दोनों मासूम काफी परेशान हो गई थीं। 

घटना पुणे के निगडी पुलिस थाने की है। निगडी पुलिस ने मंगलवार को एक 27 साल के आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को दो स्कूली छात्राओं का पीछा करने और परेशान करने के आरोप में गिरफ्तार किया है।

आरोपी पीएमपीएमएल में है सिक्योरिटी गार्ड

आरोपी पुणे महानगर परिवहन महामंडल लिमिटेड (पीएमपीएमएल) में सिक्योरिटी गार्ड है। मामले पर निगडी पुलिस के सब-इंस्पेक्टर उत्तम ओमसे ने टीओआई को बताया है कि वह आरोपी पीएमपीएमएल में अस्थायी तौर पर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहा था। पुलिस ने आरोपी गार्ड के खिलाफ आईपीसी (भारतीय दंड संहिता) की धारा 354 ए (यौन उत्पीड़न), 354  (स्टॉकिंग) और यौन अपराधों से बच्चों के संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम के प्रासंगिक प्रावधान के तहत मामला दर्ज किया है।

एक महीने से मासूम लड़कियों को कर रहा था परेशान

यह मामला पीड़ित नाबालिगों के पिता की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया है कि शिकायतकर्ता के अनुसार एक शख्स पिछले एक महीने से लड़कियों को काफी परेशान कर रहा था। उत्तम ओमसे ने कहा है कि वह लड़कियों का उस वक्त पीछा करता था जब वे स्कूल के बाद घर लौट रही होती थीं। पिता की शिकायत के बाद आरोपी सिक्योरिटी गार्ड को गिरफ्तार कर अदालत के समक्ष पेश किया गया, जिसने न्यायिक हिरासत में उसे रिमांड पर लेने का आदेश दिया। फिलहाल आरोपी यरवदा जेल में बंद है।