लाइव टीवी

Computer course: स्मार्ट बनेंगे रांची के बच्चे, सूबे के 1854 स्कूलों में अगले महीने शुरू होगी कंप्यूटर की पढ़ाई

Updated Jun 04, 2022 | 15:01 IST

Ranchi School: रांची समेत पूरे राज्य के बच्चे-बच्चियां अब कंप्यूटर कोर्स करेंगे। इन्हें कंप्यूटर की शिक्षा दी जाएगी। वर्तमान शैक्षणिक सत्र से यह लागू हो जाएगा। इसको लेकर शिक्षा विभाग ने अपनी तैयारी पूरी कर ली है। इससे बच्चों को ​भविष्य में लाभ मिलेगा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
सरकारी स्कूल में कंप्यूटर की होगी पढ़ाई
मुख्य बातें
  • झारखंड शिक्षा परियोजना ने सभी जिलों को जारी किया निर्देश
  • स्कूलों में आईसीटी लैब एवं कंप्यूटर लैब लगाएंगी दो कंपनियां
  • चयनित स्कूलों में बिजली की उपलब्धता, लैब की सुरक्षा को लेकर चल रहा काम

School Computer Course: कंप्यूटर के बढ़ते प्रयोग एवं बच्चे-बच्चियों में इसकी प्रति बढ़ती रुचि को देखते हुए अब स्कूलों में कंप्यूटर शिक्षा पर जोर दिया जा रहा है। राजधानी रांची समेत सूबे के 1854 स्कूलों में इस शैक्षणिक सत्र से कंप्यूटर की पढ़ाई होगी। चयनित स्कूलों में जुलाई से कंप्यूटर की पढ़ाई शुरू की जाएगी। इसको लेकर झारखंड शिक्षा परियोजना ने आदेश जारी कर दिया है। इससे लाखों बच्चे लाभान्वित होंगे। 

परियोजना ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को आदेश जारी कर कहा कि कंप्यूटर शिक्षा शुरू करने को लेकर जरूरी संसाधन तैयार करें। वहीं, स्कूलों में कंप्यूटर लैब और आईसीटी लैब लगाने की जिम्मेदारी दो कंपनियों को दी गई है। इन कंपनियों से करार हो गया है। इन्हें तय समय के अंदर कंप्यूटर लैब और आईसीटी लैब तैयार करना है। 

विद्यालय विकास अनुदान से होंगे कुछ काम

जिला शिक्षा अधिकारियों को जारी पत्र में कहा गया है कि सूबे के 13 जिलों में बेनेट कोलमैन एंड कंपनी लिमिटेड मुंबई को और 13 जिलों में एक्स्ट्रा मार्क्स एजुकेशन इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को कंप्यूटर लैब तैयार करना है। कंप्यूटर लैब और आईसीटी लैब के लिए स्कूल के कमरे में बिजली की उपलब्धता, लैब की सुरक्षा का इंतजाम किया जाना है। इसके लिए विद्यालय विकास अनुदान से स्कूल में लोहे का गेट और ग्रिल लगाया जाना है। इसके अलावा कमरे में पर्याप्त लाइट की व्यवस्था करनी है। इसके लिए सभी स्कूलों में सीएफएल की खरीदार करने का निर्देश है। 

छुट्टी के दिन लगेगा आईसीटी लैब

झारखंड शिक्षा परियोजना के निदेशक ने आदेश दिया है कि सभी विद्यालय छुट्टी के दिन ही अपने यहां आईसीटी लैब लगवाएं। इससे विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होगी और लैब लगाने में काफी सुविधा रहेगी। 

किस जिले में कितने स्कूल शामिल 

योजना में रांची के 77, गढ़वा के 105, गुमला के 58, हजारीबाग के 92, खूंटी के 32, लातेहार के 78, लोहरदगा के 53, पलामू के 109, पूर्वी सिंहभूम के 67, पश्चिमी सिंहभूम के 95 स्कूल शामिल हैं। इसी के साथ रामगढ़ के 67, सरायकेला के 70, सिमडेगा के 21, बोकारो के 91, चतरा के 94, देवघर के 114, धनबाद के 86, दुमका के 91, गिरिडीह के 117, गोड्डा के 83, जामताड़ा के 54, कोडरमा के 70, पाकुड़ के 56 और साहेबगंज के 74 स्कूलों में कंप्यूटर लैब बनेंगीं।