लाइव टीवी

Ranchi Crime News: बाहर से ताला बंद, अंदर घर में मिला युवक का शव, इलाके में फैली दहशत, हत्या की आशंका

Updated Aug 22, 2022 | 19:51 IST

Ranchi Police: रांची के निकट रातू थाना क्षेत्र में अज्ञात युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवक का शव मिलना पहेली बन गया है। घर कई दिनों से बंद है। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। बहरहाल पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
रांची में बंद घर में मिला युवक का शव, मिले चोट के निशान, पुलिस जांच में जुटी
मुख्य बातें
  • काफी दिनों से बंद पड़ा था घर
  • अज्ञात युवक की नहीं हो सकी है पहचान
  • रांची के रातू थाना क्षेत्र काठीटाड़ ललितग्राम मोहल्ले का मामला

Ranchi News: राजधानी रांची से सटे रातू थाना क्षेत्र के काठीटाड़ के व्यस्ततम ललितग्राम मोहल्ले में एक अज्ञात युवक का बंद घर में शव मिला है। यहां के दुर्गा उरांव के बंद घर के परिसर से शव मिलने की खबर ने दहशत फैला दी। घटनास्थल पर स्थानीय लोगों की भीड़ लग गई। अटकलों और चर्चाओं का दौर चलने लगा। इधर सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घर का मौके पर मुआयना किया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजवा दिया है।

दुर्गा उरांव के घर में कई सालों से ताला बंद है। वह कहीं परिवार के साथ बाहर रहते हैं। युवक घर के अंदर कैसे पहुंचा ये पहेली बना हुआ है। पुलिस किसी भी तरह के बयान देने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंताजार कर रही है। आसपास के लोगों में घटना के बाद खौफ पसरा हुआ है।

नग्न अवस्था में था शव

मिली जानकारी के अनुसार, ललितग्राम मोहल्ले में दुर्गा उरांव का घर है। सोमवार को यहीं नग्न अवस्था में अज्ञात युवक का शव मिला है। युवक के सिर और पीठ पर कई चोट के गहरे निशान हैं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घर का निरीक्षण किया। पुलिस ने फॉरेंसिक जांच टीम और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया। टीम ने घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए है। हालांकि अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है, बहरहाल पुलिस शव की पहचान कराने में जुटी है।

पुलिस कर रही सभी एंगल से जांच

बता दें कि रातू थाना प्रभारी ने आशंका व्यक्त की है कि, व्यक्ति छत से गिर गया होगा, इसी कारण उसकी मौत हो गई होगी। वहीं शव मिलने के हालात को देखकर युवक की हत्या की भी आशंका हो रही है। सवाल ये भी उठाया जा रहा है कि घर में कोई नहीं था और ताला भी बंद था तो यह व्यक्ति अंदर आखिर कैसे पहुंचा। बहरहाल फॉरेंसिकी जांच टीम और डॉग स्क्वॉड ने मौके पर जांच-पड़ताल की। दोनों टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस मामले के जल्द खुलासे का दावा कर रही है।