लाइव टीवी

Ranchi Nagar Nigam: रांची में अब हर घर से उठेगा कूड़ा, सैकड़ों नए वाहन खरीद रहा नगर निगम, ये है तैयारी

Updated May 06, 2022 | 21:42 IST

Ranchi Nagar Nigam: राजधानी की सड़कों पर कूड़ा पसरा हुआ नहीं दिखेगा। यहां की सड़कें सुबह-सुबह चकाचक हो जाएंगी। इसके लिए नगर निगम अपने संसाधनों में इजाफा कर रहा है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
रांची में अब सड़कों पर नहीं दिखेगा कचरा (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुख्य बातें
  • रांची नगर निगम ने कार्यकारी एजेंसी सीडीसी को कर दिया है टर्मिनेट
  • नगर निगम अब खुद संभाल रहा सफाई व्यवस्था
  • कूड़ा उठाने वालों वाहनों की संख्या बढ़ाएगा निगम

Ranchi Nagar Nigam: रांची शहर अब स्वच्छ और सुंदर होगा। सड़कों पर नियमित कूड़ा उठाना होगा। इसके लिए कूड़ा उठाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ाई जाएगी। वाहनों की खरीद के बाद कुल वाहन 310 हो जाएंगे। फिलहाल 175 वाहनों से कूड़ा उठवाया जा रहा है। इसके अतिरिक्त रांची नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया। इस नंबर पर कॉल कर आम आदमी अपने सुझाव दे सकता है।

नगर निगम का हेल्पलाइन नंबर है- 9431104429 और 06512200011, इन नंबर पर कॉल कर शहरवासी बता सकते हैं कि, उनके क्षेत्र से हर दिन कूड़ा उठाया जा रहा है या नहीं। या किस क्षेत्र में गंदगी पसरी हुई है। सबसे अहम बात है कि, आम नागरिक जिस दिन यह शिकायत करेंगे, उसी दिन उस जगह से कूड़ा उठवाया जाना है। 

'सफाई एजेंसी ने शहर का कर दिया था बुरा हाल'

इस बारे में रांची नगर निगम के उप नगर आयुक्त रजनीश कुमार ने बताया कि, सफाई एजेंसी सीडीसी कंपनी ने शहर की सफाई व्यवस्था का बहुत बुरा हाल कर दिया था। ऐसे में इस एजेंसी से सफाई का जिम्मा छीन लिया गया। अब नगर निगम के सभी सफाई सुपरवाइजर और सफाई जोनल सुपरवाइजर को शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है। इस काम में लापरवाही बरतने पर संबंधित कर्मचारी और पदाधिकारी पर गाज गिरेगी। 

कूड़ा उठाने में भी हो रही लापरवाही

रिम्स के मेडिकल कूड़े को निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा निगम के सामान्य कचरों में डाल दिया जा रहा है। जबकि प्रावधान के मुताबिक, मेडिकल कचरे को अलग से रखना और सही ढंग से निष्पादित करना होता है। सामान्य कचरे के साथ अस्पताल के मेडिकल वेस्ट कचरे को फेंकने से संक्रमण फैलने की आशंका रहती है। सफाई कर्मचारी अभी खून से पटे कैथेटर, स्लाइन, यूरीन बैग, यूज्ड इंजेक्शन, ग्लब्स आदि सामान्य कचरे में डाल दे रहे हैं।