लाइव टीवी

Ranchi to Lucknow: रांची से हरिद्वार और लखनऊ का सफर यात्रियों के लिए हुआ आसान, ट्रेनों का परिचालन होगा आरंभ

Updated Apr 07, 2022 | 18:23 IST

Ranchi to Lucknow: रांची से रेल सफर कई शहरों के लिए सुगम होने वाला है। रेल मंडल लगातार ट्रेनों की संख्या में इजाफा कर रहा है। इसी क्रम में अब दो और शहरों के लिए ट्रेन सेवा शुरू की गई है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
रांची रेल मंडल ने मुख्यालय को भेजा प्रस्ताव
मुख्य बातें
  • सुरक्षा के लिए सब-वे का निर्माण
  • पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम की शुरुआत
  • एलएचबी कोच की ओर मंडल का झुकाव

Ranchi to Lucknow: रांची से हरिद्वार और लखनऊ के लिए ट्रेन परिचालन हेतु रांची रेल मंडल ने मुख्यालय को प्रस्ताव भेजा है। डीआरएम परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता में डीआरएम प्रदीप गुप्ता ने इसकी जानकारी दी। कुछ दिन पहले चार नए ट्रेनों का परिचालन आरंभ किया गया था। इसमें हटिया-दुर्ग त्रि-साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन, दो नए रांची- चोपन एक्सप्रेस तथा वास्को-द-गामा-जसीडीह एक्सप्रेस है। रांची-भागलपुर त्रि-सप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का विस्तार गोड्डा तक किया गया है।

रेल मंडल, रांची से परिचालित राजधानी एक्सप्रेस को उच्च गुणवत्ता प्रबंधन प्रणाली के लिए ISO 9001:2015, पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली के लिए ISO 14001:2015 एवं व्यावसायिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा प्रणाली के लिए ISO 45001:2018 से नवाजा गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानदंडों के अनुसार पर्यावरण प्रदर्शन आधारित रेटिंग प्रणाली के आधार पर रांची और हटिया रेलवे स्टेशनों को सर्वोत्तम 5 स्टार रेटिंग से सम्मानित किया गया। दोनों स्टेशनों ने नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के मानकों का भी पालन किया है। 

कोविड पूर्व स्तर पर पहुंचने की ओर अग्रसर मंडल
कोरोना से पहले रेल मंडल, रांची से 66 जोड़ी (मेल/एक्सप्रेस - 48 जोड़ी तथा पैसेंजर - 18 जोड़ी) ट्रेनों का परिचालन होता था। वर्तमान में मंडल द्वारा 43 जोड़ी मेल/एक्सप्रेस, 12 जोड़ी पैसेंजर ट्रेनें तथा 4 जोड़ी नई ट्रेनों (कुल 59 जोड़ी ट्रेनें) का परिचालन हो रहा है। 2021 के चार महीने यानी जनवरी, फरवरी, अगस्त एवं नवंबर माह में समयबद्धता के मामले में रांची मंडल पूरे भारतीय रेल में प्रथम स्थान पर रहा तथा पूरे 2021-22 के दौरान तीसरे स्थान पर रहा। 

23 जोड़ी ट्रेनें एलएचबी में परिवर्तित

मंडल की 23 जोड़ी ट्रेनों को एलएचबी कोच में परिवर्तित किया जा चुका है, जिससे यात्रियों को पहले की तुलना में ज्यादा आरामदेह एवं सुरक्षित यात्रा का अनुभव हो रहा है। यात्रियों की सुविना बढ़ाने हेतु ट्रेनों की गति बढ़ाने का भी काम किया जा रहा है। गति बढ़ाने के लिए रांची मंडल ने 13 स्थायी गति अवरोध को हटाया है। साथ ही सड़क यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे क्षेत्र में सड़क चौड़ी की जा रही है। यात्री सुविधा को देखते हुए मंडल के अन्य चार जोड़ी ट्रेनों में भी वातानुकूलित प्रथम श्रेणी के कोच उपलब्ध कराए गए हैं। 2021-22 के दौरान मंडल के विभिन्न ट्रेनों में 250 अतिरिक्त कोचों की सुविधा उपलब्ध थी।

ऑनलाइन मॉनीटरिंग के लिए पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम शुरू

मंडल के हटिया स्टेशन पर पार्सल मैनेजमेंट सिस्टम शुरू की गई है। राज्य में यह इस तरह का पहला सिस्टम है। अब पार्सल की बुकिंग से लेकर डिलिवरी तक की पूरी जानकारी रेलवे के सिस्टम के माध्यम से ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती है।

सुरक्षा के लिए सब-वे का निर्माण
सुरक्षा की दृष्टि से समपार फाटकों को नॉर्मल हाइट हब-वे में परिवर्तित किया जा रहा है। हटिया-नुंआगांव रेलखंड पर समपार फाटक संख्या एचबी-51 तथा लोहरदगा-बड़कीचंपी रेलखंड पर समपार फाटक संख्या आरटी-44 के स्थान पर नॉर्मल हाइट सब-वे का निर्माण किया गया है। लोहरदगा-टोरी रेलखंड पर समपार फाटक संख्या आरटी- 51 के स्थान पर आरओबी का निर्माण किया गया।