लाइव टीवी

महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी: कोरोना का शिकार हुई भारतीय खिलाड़ी, दक्षिण कोरिया के खिलाफ रद्द हुआ मैच

Updated Dec 08, 2021 | 13:21 IST

Asian Champions Trophy: भारतीय महिला हॉकी टीम की एक खिलाड़ी कोरोना का शिकार हो गई है। ऐसे में भारत का दक्षिण कोरिया के खिलाफ मैच रद्द कर दिया गया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
फाइल फोटो
मुख्य बातें
  • महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी 2021
  • कोरोना की चपेट में एक भारतीय खिलाड़ी
  • भारत और दक्षिण कोरिया का मुकाबला रद्द

डोंगहे (दक्षिण कोरिया): एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा ले रही भारतीय महिला हॉकी टीम की एक सदस्य कोविड-19 के लिये पॉजिटिव पायी गयी है जिसके कारण मेजबान और गत चैंपियन कोरिया के खिलाफ बुधवार को होने वाला उसका मैच रद्द कर दिया गया। एशियाई हॉकी महासंघ (एएचएफ) का इस मामले अभी बयान आना बाकी है लेकिन हॉकी इंडिया के एक सूत्र ने पुष्टि की कि एक खिलाड़ी का परीक्षण पॉजिटिव आया है। एएचएफ के बयान से टूर्नामेंट में भारत की भागीदारी पर स्थिति स्पष्ट होने की संभावना है।

सूत्र ने पीटीआई से कहा, 'हां, एक खिलाड़ी का परीक्षण पॉजिटिव आया है और इसलिए कोरिया के खिलाफ आज का मैच रद्द कर दिया गया है। इस मामले में एएचएफ आगे बयान जारी करेगा।' महामारी ने मंगलवार को ही टूर्नामेंट को प्रभावित कर दिया था जब भारत का मलेशिया के खिलाफ दूसरा मैच कोविड से जुड़े मुद्दों के कारण रद्द कर दिया गया था। मलेशिया को प्रतियोगिता के कम से कम पहले दो दिन बाहर रहना पड़ा, क्योंकि उसकी एक खिलाड़ी नूरुल फ़ैज़ाह शफ़ीक़ाह ख़लीम का दक्षिण कोरिया पहुंचने पर किया गया कोविड-19 का परीक्षण पॉजिटिव आया था।

सूत्रों के अनुसार मलेशिया की तरह भारतीय दल को भी एक खिलाड़ी का परीक्षण पॉजिटिव आने के बाद पृथकवास पर रहना पड़ सकता है। पिछली बार के उप विजेता भारत ने इससे पहले थाईलैंड को 13-0 से करारी शिकस्त दी थी जिसमें ड्रैग फ्लिकर गुरजीत कौर ने पांच गोल किये थे। भारत अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ की महिला रैंकिंग में नौवें स्थान पर है और इस प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सर्वोच्च रैंकिंग वाली टीम है। महिला एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन पहले 2020 में किया जाना था लेकिन कोविड-19 महामारी के कारण इसे कई बार स्थगित करना पड़ा था।