लाइव टीवी

भारतीय शटलरों पर बीएआई मेहरबान, देगा डेढ़ करोड़ के नकद पुरस्कार

Updated Sep 06, 2022 | 19:36 IST

BAI to give cash prizes to Indian shuttlers: भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) भारतीय शटलरों को डेढ़ करोड़ के नकद पुरस्कार देगा। इसी साल थॉमस कप विजेता टीम को 1 करोड़ रुपये देकर सम्मानित किया गया था।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
बीएआई
मुख्य बातें
  • बैडमिंटन खिलाड़ी होंगे मालामाल
  • बीएआई भारतीय शटलरों पर मेहरबान
  • डेढ़ करोड़ के नकद पुरस्कारों का वितरण

भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) लगातार प्रयास करता रहा है कि शीर्ष स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों और उनके सहयोगी स्टाफ को पुरस्कृत किया जाए और इसी के तहत बीएआई ने पुरस्कार के तौर पर लगभग 1.5 करोड़ रुपये वितरित करने का फैसला किया है।

बीएआई ने इस साल की शुरूआत में थॉमस कप विजेता टीम को 1 करोड़ रुपये देकर सम्मानित किया था। उन्होंने राष्ट्रमंडल खेलों 2022 के पदक विजेताओं और 2021 और 2022 विश्व चैंपियनशिप पदक विजेताओं के लिए बोनस की घोषणा की।

भारतीय दल ने बमिर्ंघम राष्ट्रमंडल खेलों में अब तक के सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक जीते, जबकि भारतीय पुरुष शटलर ने विश्व चैंपियनशिप के दो संस्करणों में तीन पदक अपने नाम किए।

बीएआई के अध्यक्ष हिमंत बिस्वा सरमा ने पुरस्कार राशि की घोषणा करते हुए कहा, "हमारे बैडमिंटन खिलाड़ी लगातार देश के लिए पदक जीत रहे हैं और यह नकद पुरस्कार पिछले दो वर्षों में उनकी अद्भुत उपलब्धियों को स्वीकार करने का एक छोटा सा प्रयास है।"

बमिर्ंघम में रजत पदक जीतने वाली 10 सदस्यीय मिश्रित टीम को उनके प्रयासों के लिए कुल 30 लाख रुपये दिए जाएंगे जिससे हर शटलर को 3 लाख रुपये मिलेंगे, जबकि सहयोगी स्टाफ के आठ सदस्यों को प्रत्येक को 1.5 लाख रुपये मिलेंगे।

राष्ट्रमंडल खेलों के पुरुष और महिला एकल चैंपियन लक्ष्य सेन और पी.वी सिंधु को 20-20 लाख रुपये मिलेंगे, जबकि चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी के पुरुष युगल संयोजन को बमिर्ंघम में ऐतिहासिक स्वर्ण जीतने के लिए 25 लाख रुपये का इनाम दिया जाएगा।

बीएआई के सचिव संजय मिश्रा ने कहा, जिस तरह से भारतीय खिलाड़ी विश्व स्तर पर प्रदर्शन कर रहे हैं, उसका मतलब है कि पुरस्कार राशि लगातार बढ़ रही है और हमें विश्वास है कि इनाम की राशि सभी को अच्छा काम जारी रखने के लिए प्रेरित करेगी।

स्वर्ण पदक विजेताओं के अलावा, गायत्री गोपीचंद और त्रिशा जॉली की युवा महिला युगल जोड़ी को कांस्य पदक जीतने के लिए 7.5 लाख रुपये मिलेंगे। पूर्व विश्व नंबर-1 किदांबी श्रीकांत को बमिर्ंघम में पुरुष एकल कांस्य जीतने पर 5 लाख रुपये के साथ-साथ स्पेन के ह्यूएलवा में 2021 में आयोजित बीडब्ल्यूएफ विश्व चैंपियनशिप में रजत पदक जीतने के लिए 10 लाख रुपये मिलेंगे।

इसी तरह सेन को 2021 में पुरुष एकल कांस्य पदक जीतने के लिए 5 लाख रुपये मिलेंगे जबकि शेट्टी और सात्विक को पिछले महीने टोक्यो में आयोजित विश्व चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर 7.5 लाख रुपये मिलेंगे। सात्विक और चिराग विश्व चैंपियनशिप में पदक जीतने वाले पहले भारतीय पुरुष युगल जोड़ीदार हैं। बीएआई ने कहा है कि वह खिलाड़ियों को सुपर सीरीज में उनके प्रदर्शन के लिए भी पुरस्कृत करता रहेगा।