लाइव टीवी

Commonwealth Games 2022: आठवें दिन भारत की झोली में आए छह पदक, पहलवानों ने मचाया धमाल

Updated Aug 06, 2022 | 07:00 IST

Commonwealth Games 2022 Day Eight India's Performence: भारतीय दल ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 के आठवें दिन छह पदक जीते।तीन स्वर्ण, एक रजत और दो कांस्य पदक भारत की झोली में पहलवानों ने डाले।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
बजरंग पूनिया
मुख्य बातें
  • 22वें राष्ट्रमंडल खेलों के आठवें दिन भारत ने जीते 6 पदक
  • भारत कुल 26 हुई संख्या जिसमें 9 स्वर्ण, 8 रजत और 9 कांस्य पदक हैं शामिल
  • पदक तालिका में पांचवें पायदान पर पहुंचा भारत

बर्मिंघम: भारतीय पहलवानों ने शुक्रवार को बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों के आठवें दिन धमाल मचाते हुए 3 स्वर्ण सहित कुल 6 पदक पर कब्जा किया और भारत को पदक तालिका में पांचवें पायदान पर पहुंचा दिया। भारत के खाते में अबतक 9 स्वर्ण, 8 रजत और 9 कांस्य पदक सहित कुल 26 मेडल हो गए हैं। भारत के लिए बजरंग पूनिया, दीपक पूनिया और साक्षी मलिक ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं अंशू मलिक ने रजत पदक हासिल किया। दिव्या काकरान और मोहित ग्रेवाल ने कांस्य पदक जीता। इसके अलावा भारतीय खिलड़ियों ने स्क्वाश, टेबल टेनिस, बैडमिंटन, लॉन बॉल में पदक पक्के किए। आइए जानते हैं भारत का आठवें दिन कैसा रहा 22वें राष्ट्रमंडल खेलों में प्रदर्शन?

कुश्ती: भारत के स्टार पहलवान बजरंग पूनिया, साक्षी मलिक और दीपक पूनिया ने राष्ट्रमंडल खेलों की कुश्ती स्पर्धा के पहले दिन  शानदार शुरूआत करते हुए तीन स्वर्ण पदक भारत की झोली में डाले जबकि अंशु मलिक को पदार्पण करते हुए रजत पदक मिला।
वहीं दिव्या ककरान तथा मोहित ग्रेवाल ने कांस्य पदक हासिल किये। भारत ने कुल 6 पदक अपनी झोली में डाले। 

एथलेटिक्स:
चार गुणा 400 मीटर रिले:भारतीय पुरुष चार गुणा 400 मीटर रिले टीम अपनी हीट में दूसरे स्थान पर रहने के बाद राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में पहुंच गई। भारत के मुहम्मद अनस याहिया, नोह निर्मन टॉम, मोहम्मद अजमल और अमोज जैकब ने 3: 06. 97 सेकंड का समय निकालकर स्वत: क्वालीफाई किया। भारतीय टीम कीनिया के बाद दूसरे स्थान पर रही।

नाकाम हुईं हिमा दास: भारत की स्टार फर्राटा धाविका हिमा दास महिलाओं की 200 मीटर स्पर्धा के फाइनल में नहीं पहुंच सकीं।
दूसरे सेमीफाइनल में 23.42 सेकंड का समय निकालकर तीसरे स्थान पर रहीं। महिलाओं के 200 मीटर वर्ग में तीन सेमीफाइनल हीट थी जिनमें से शीर्ष दो और अगली दो सबसे तेज धाविकाओं ने फाइनल में जगह बनाई। हिमा बृहस्पतिवार को अपनी हीट में शीर्ष रहकर सेमीफाइनल में पहुंची थीं।

टेबल टेनिस:
भारत के अनुभवी टेबल टेनिस खिलाड़ी अचंत शरत कमल शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रमंडल खेलों की टेबल टेनिस स्पर्धा में अपने तीनों वर्गों के सेमीफाइनल में पहुंच गए जबकि गत चैम्पियन मनिका बत्रा एकल और मिश्रित युगल मुकाबलों में शुक्रवार को हार का सामना करना पड़ा। श्रीजा अकुला और शरत की मिश्रित जोड़ी क्वार्टर फाइनल की बाधा पार करने में सफल रही।

बैडमिंटन:
भारत के दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू, किदांबी श्रीकांत, लक्ष्य सेन और आकर्षि कश्यप राष्ट्रमंडल खेलों में बैडमिंटन स्पर्धा के अपने-अपने एकल मुकाबले में आसान जीत के साथ क्वार्टर फाइनल में पहुंचने में सफल रहे। राष्ट्रमंडल खेल रजत पदक विजेता चिराग शेट्टी और सात्विक साइराज रंकीरेड्डी की जोड़ी पुरुषों के युगल क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। वहीं गायत्री गोपीचंद और त्रिसा जॉली की भारतीय महिला जोड़ी अंतिम 8 में पहुंचने में सफल रही।

लॉन बॉल: 
भारतीय पुरुषों सुनील बहादुर (लीड), नवनीत सिंह (सेकंड), चंदन कुमार सिंह (थर्ड) तथा दिनेश कुमार (स्किप) ती चौकड़ी ने लॉन बॉल स्पर्धा के सेमीफाइनल में मेजबान इंग्लैंड को शिकस्त देकर भारत के लिए इस प्रतियोगिता में दूसरा पदक पक्का किया। भारत की लवली चौबे (लीड), पिंकी (सेकंड), नयनमोनी सैकिया (थर्ड) और रूपा रानी टिर्की (स्लिप) की चौकड़ी ने मंगलवार को दक्षिण अफ्रीका को फाइनल में 17-10 से हराकर इस स्पर्धा का पहला पदक जीता था।

हॉकी(महिला):
भारतीय महिला हॉकी टीम को सेमीफाइनल में शूट आउट में 3-0 से हार का सामना करना पड़ा है। फुल टाइम तक 1-1 से मैच बराबर रहा। इसके बाद शूट आउट में हार जीत का फैसला हुआ। जिसमें बाजी कंगारू टीम के हाथ लगी। अब भारत कांस्य पदक के लिए न्यूजीलैंड से भिड़ेगी।