लाइव टीवी

FIFA Women's U17 World Cup: तारीखों का हुआ ऐलान, नवी मुंबई में खेला जाएगा फाइनल

Updated Jun 15, 2022 | 19:02 IST

FIFA U17 Womens World Cup 2022 Full Schedule: फीफा और स्थानीय आयोजन समिति ने बुधवार को फीफा अंडर-17 वर्ल्ड कप के आयोजन की तारीखों का ऐलान बुधवार को कर दिया। 

Loading ...
फीफा विमंस अंडर-17 वर्ल्ड कप 2020
मुख्य बातें
  • 11 अक्टूबर से 30 अक्टूबर तक होगा टूर्नामेंट का आयोजन
  • कोराना के कारण दो साल की देरी से हो रहा है आयोजन
  • 11 अक्टूबर को भारत के मुकाबले के साथ होगा टूर्नामेंट का आगाज, 30 अक्टूबर को नवी मुंबई में खेला जाएगा फाइनल

नई दिल्ली: फीफा अंडर-17 महिला विश्व कप का फाइनल 30 अक्टूबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला जाएगा जबकि सेमीफाइनल गोवा में होंगे। विश्व फुटबॉल की सर्वोच्च संस्था फीफा और स्थानीय आयोजन समिति (एलओसी) ने बुधवार को यह घोषणा की।

भुवनेश्वर में भारत खेलेगा अपने लीग दौर के मैच
भारत लीग चरण के अपने मैच 11 अक्टूबर से भुवनेश्वर में खेलेगा। आधिकारिक ड्रॉ 24 जून को होगा। ग्रुप चरण में 24 मैच खेले जाएंगे जो 18 अक्टूबर तक तीन राज्यों ओडिशा, गोवा और महाराष्ट्र में आयोजित किये जाएंगे। क्वार्टर फाइनल 21 और 22 अक्टूबर को जबकि सेमीफाइनल 26 अक्टूबर को होंगे।

11 अक्टूबर को भारत के अभियान की होगी शुरुआत
भारत ग्रुप चरण के अपने मैच 11, 14 और 17 अक्टूबर को भुवनेश्वर के कलिंग स्टेडियम में खेलेगा। नवी मुंबई में डीवाई पाटिल स्टेडियम और फतोर्दा में पंडित जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में दो-दो क्वार्टर फाइनल मैच खेले जाएंगे।

सफल टूर्नामेंट के आयोजन को आश्वस्त है आयोजन समिति 
एलओसी परियोजना निदेशक अंकुश अरोड़ा और नंदिनी अरोड़ा ने संयुक्त बयान में कहा, ‘‘कार्यक्रम जारी करना इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट के आयोजन में एक महत्वपूर्ण क्षण है। भारत की दूसरी फीफा प्रतियोगिता की मेजबानी की तैयारियां सही दिशा में आगे बढ़ रही हैं और हम एक बेहद सफल टूर्नामेंट का आयोजन करने के प्रति आश्वस्त हैं।’’ टूर्नामेंट में कुल 16 टीम भाग लेंगी और इसमें कुल 32 मैच खेले जाएंगे।