लाइव टीवी

राष्ट्रपति से प्रधानमंत्री तक और खेल जगत की तमाम हस्तियों ने बलबीर सिंह सीनियर को दी श्रद्धांजलि

Updated May 25, 2020 | 13:12 IST

Balbir Singh Senior Death : महान पूर्व भारतीय हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर के निधन से पूरे देश में शोक की लहर है। प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति से लेकर तमाम हस्तियों ने शोक जताया है।

Loading ...
बलबीर सिंह सीनियर के निधन से देश में शोक की लहर
मुख्य बातें
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बलबीर सिंह सीनियर के निधन पर शोक जताया
  • भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली सहित अन्य खिलाड़ियों ने किया सलाम
  • गृह मंत्री अमित शाह और खेल मंत्री किरेन रिजीजू ने भी किया ट्वीट

नई दिल्ली: भारत के महान पूर्व हॉकी खिलाड़ी बलबीर सिंह सीनियर का लंबी बीमारी के बाद सोमवार सुबह निधन हो गया। पद्म श्री से सम्मानित और तीन बार ओलंपिक गोल्ड जीतने वाली टीम के सदस्य रहे बलबीर 95 वर्ष के थे। उनके निधन के बाद पूरे देश में शोक की लहर है। राजनेताओं से लेकर क्रिकेटर्स तक, तमाम हस्तियों ने उनके निधन पर शोक जताया।

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट किया, 'श्री बलबीर सिंह सीनियर के निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं। तीन बार के ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता, पद्म श्री विजेता और भारत के महान एथलीट। उनकी महानता आने वाली पीढ़ी को प्रेरित करती रहेगी। मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ।'

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बलबीर सिंह के निधन पर शोक जताते हुए ट्वीट किया, उन्होंने लिखा, 'पद्म श्री बलबीर सिंह सीनियर को खेल में उनके शानदार प्रदर्शन के लिए याद किया जाएगा। उन्होंने देश को बहुत सम्मान दिलाया। बेहतरीन हॉकी खिलाड़ी और वो एक मेंटर के रूप में अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे। उनके निधन के बारे में सुनकर दुख हुआ, उनके परिवार व शुभचिंतकों को संवेदनाएं।'

गृह मंत्री अमित शाह ने शोक जताते हुए लिखा, 'पद्मश्री से सम्मानित बलबीर सिंह सीनियर के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। वह एक महान खिलाड़ी थे जो विश्व हॉकी पर अपनी हॉकी से अमिट छाप छोड़ गए। मैं भाग्यशाली हूं कि मैं तीन बार के ओलम्पिक पदक विजेता से मिल सका। उनके परिवार को मेरी संवेदनाएं।'

भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने लिखा, 'महान बलबीर सिंह सीनियर के निधन के बारे में सुनकर दुखी हूं। इस दुख की घड़ी में मेरी प्रार्थनाएं उनके परिवार के साथ।'

पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने लिखा, 'बलबीर सिंह सीनियर के निधन की खबर सुनकर दुखी हूं। तीन बार के ओलंपिक गोल्ड मेडलिस्ट ने अपना समर्पण और खेल भावना से हमेशा दिल जीता। सर आपकी बहुत याद आएगी और आप हमेशा प्रेरणास्त्रोत रहेंगे।'

इसके अलावा, खेल मंत्री किरन रिजीजू, पहलवान गीता फोगाट, क्रिकेटर लोकेश राहुल और पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण सहित तमाम अन्य हस्तियों ने उनको सलाम किया।

अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के अध्यक्ष नरेंद्र बत्रा ने भी महान खिलाड़ी के निधन पर शोक जताया है। बत्रा ने एक बयान में कहा, 'बड़े दुख के साथ मैं बलबीर सिंह सीनियर के निधन पर शोक व्यक्त करता हूं। वह जिस तरह से खेलते थे, कोचिंग करते समय अपनी जानकारी बांटते थे, और मैदान पर जिस तरह से वह अपने आप को पेश करते थे मैं वो कभी नहीं भूल पाऊंगा।'

बलबीर सिंह सीनियर की सफलताएं

बलबीर सिंह सीनियर 1948 के लंदन ओलंपिक, 1952 के हेलसिंकी ओलंपिक और 1956 के मेलबर्न ओलंपिक में स्वर्ण पदक जीतने वाली टीम के सदस्य थे। मेलबर्न ओलंपिक में बलबीर सिंह सीनियर ने भारतीय हॉकी टीम का नेतृत्व किया था। वो 1975 में विश्व प जीतने वाली टीम के कोच थे साथ ही उन्हीं के कोच रहते हुए हुए टीम ने 1971 का विश्व कप में कांस्य पदक जीता ता। 1957 में में उन्हें पद्मश्री मिला था।