लाइव टीवी

टोक्‍यो गेम्‍स के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा, 10 खिलाड़ी पहली बार लेंगे ओलंपिक में हिस्‍सा

Updated Jun 18, 2021 | 15:46 IST

Tokyo Olympic Games: हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को आगामी टोक्‍यो ओलंपिक्‍स के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा की। जानिए किसे मिला मौका और कौन हुआ बाहर।

Loading ...
भारतीय पुरुष हॉकी टीम
मुख्य बातें
  • टोक्‍यो ओलंपिक्‍स के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा
  • कोच ग्राहम रीड ने कहा कि 16 खिलाड़‍ियों का चयन करना आसान नहीं था
  • भारतीय हॉकी टीम ने ओलंपिक्‍स में कुल 11 मेडल जीते हैं

बेंगलुरु: हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को आगामी टोक्‍यो ओलंपिक्‍स के लिए भारतीय पुरुष हॉकी टीम की घोषणा कर दी है। भारत की 16 सदस्यीय पुरुष हॉकी टीम में 10 नए चेहरों को जगह दी गई है जबकि चोट के कारण रियो ओलंपिक 2016 खेलने से चूके अनुभवी डिफेंडर बीरेंद्र लाकड़ी की वापसी हुई है।

भारतीय टीम में अनुभवी खिलाड़ियों में गोलकीपर पीआर श्रीजेश, मिडफील्डर मनप्रीत, डिफेंडर हरमनप्रीत सिंह, रुपिंदर पाल सिंह, सुरेंदर कुमार और फॉरवर्ड मनदीप सिंह शामिल हैं जो पहले ओलंपिक खेल चुके हैं। अनुभवी प्लेमेकर एसवी सुनील, आकाशदीप सिंह और रमनदीप सिंह को टीम में जगह नहीं मिली है। हालांकि, घुटने की चोट के कारण रियो ओलंपिक से बाहर रहे बीरेंद्र लाकड़ा ने टीम में वापसी की है।

टीम चयन के बारे में मुख्य कोच ग्राहम रीड ने कहा, 'अंतिम 16 खिलाड़ियों का चयन आसान नहीं था क्योंकि सभी खिलाड़ी प्रतिभाशाली और ऊर्जावान हैं। सभी बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे थे और एक टीम के रूप में अच्छा खेल रहे थे। उन्हें पता है कि ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने के क्या मायने होते हैं। अब हम उसी जोश के साथ अभ्यास करते रहेंगे और एक ईकाई के रूप में टोक्यो में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे।'

भारतीय टीम ने ओलंपिक के इतिहास में 11 मेडल जीते हैं जिनमें आठ गोल्‍ड, एक सिल्‍वर और दो ब्रॉन्‍ज मेडल शामिल है। भारत ने आखिरी बार हालांकि मॉस्को ओलंपिक 1980 में ओलंपिक पदक जीता था। अब भारतीय टीम की कोशिश 41 साल के सूखे को समाप्‍त करने की होगी। पिछले कुछ साल में भारत ने 2016 और 2018 एशियाई चैम्पियंस ट्रॉफी , 2017 एशिया कप और 2019 विश्व सीरिज जीते हैं। भारतीय टीम को 23 जुलाई से शुरू हो रहे ओलंपिक में पूल ए में गत चैंपियन अर्जेंटीना, ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, स्पेन और मेजबान जापान के साथ रखा गया है ।

टीम :
गोलकीपर : पी आर श्रीजेश
डिफेंडर : हरमनप्रीत सिंह, रूपिंदर पाल सिंह, सुरेंदर कुमार, अमित रोहिदास, बीरेंद्र लाकड़ा
मिडफील्डर : हार्दिक सिंह, मनप्रीत सिंह, विवेक सागर प्रसाद, नीलकांत शर्मा, सुमित
फॉरवर्ड : शमशेर सिंह , दिलप्रीत सिंह, गुरजंत सिंह, ललित उपाध्याय, मनदीप सिंह।

महिला हॉकी टीम, आठ खिलाड़ी करेंगी ओलंपिक पदार्पण

भारत ने 23 जुलाई से आठ अगस्त तक चलने वाले टोक्यो खेलों के लिये 16 सदस्यीय महिला हॉकी टीम चुनी जिसमें आठ खिलाड़ी ओलंपिक पदार्पण करेंगी जबकि इतनी ही अनुभवी खिलाड़ी शामिल हैं। टीम में युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है और आठ खिलाड़ी 2016 रियो ओलंपिक में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। स्टार स्ट्राइकर रानी रामपाल हालांकि ओलंपिक से पहले टीम की अगुआई कर रहीं थी लेकिन राष्ट्रीय चयनकर्ताओं ने अभी तोक्यो जाने वाली टीम की कप्तान नहीं चुनी है।

टीम इस प्रकार है :
गोलकीपर : सविता
डिफेंडर : दीप ग्रेस एक्का, निक्की प्रधान, गुरजीत कौर, उदिता
मिडफील्डर : निशा, नेहा, सुशीला चानू पुखराम्बाम, मोनिका, नवजोत कौर, सलीमा टेटे
फारवर्ड : रानी, नवनीत कौर, लालरेमसियामी, वंदना कटारिया, शर्मिला देवी।