लाइव टीवी

पुर्तगाल का विजयी आगाज, रोनाल्डो यूरो इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बने

Updated Jun 16, 2021 | 08:04 IST

Cristiano Ronaldo: क्रिस्टियनो रोनाल्‍डो यूरोपियन चैंपियनशिप इतिहास में सर्वकालिक सबसे ज्‍यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। हंगरी के खिलाफ रोनाल्‍डो ने पेनल्‍टी को गोल में तब्‍दील करके यह उपलब्धि हासिल की।

Loading ...
क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो
मुख्य बातें
  • 2004 से पांच टूर्नामेंट्स में रोनाल्‍डो के यूरो कप में 11 गोल हो चुके हैं
  • क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो यूरोपियन चैंपियनशिप इतिहास में सबसे ज्‍यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बने
  • क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने फ्रांस के मिचेल प्‍लाटिनी के 9 गोल का रिकॉर्ड तोड़ा

बुडापेस्‍ट: क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने मंगलवार को बुडापेस्‍ट में हंगरी के खिलाफ पुर्तगाल के यूरो 2020 के उद्घाटन मैच में गोल करके इतिहास रच दिया। रोनाल्‍डो ने पेनल्‍टी को गोल में तब्‍दील किया और इसी के साथ वह यूरोपियन चैंपियनशिप के इतिहास में सर्वकालिक सबसे ज्‍यादा गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। ध्‍यान दिला दें कि क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने मैच में कुल दो गोल दागे, जिसकी मदद से पुर्तगाल ने ग्रुप एफ के मुकाबले में हंगरी को 3-0 के अंतर से मात दी।

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने मैच के 87वें मिनट में पेनल्‍टी को गोल में तब्‍दील किया। रोनाल्‍डो का यह यूरोपियन चैंपियनशिप फाइनल्‍स में 10वां गोल रहा। वह 2004 से इसमें शिरकत कर रहे हैं और यह उनका पांचवां टूर्नामेंट है। इसके बाद स्‍टोपेज टाइम में रोनाल्‍डो ने एक और गोल दागा और यूरो में अपने गोल की संख्‍या 11 पहुंचाई। 

36 साल के रोनाल्‍डो ने फ्रांस के मिचेल प्‍लाटिनी के रिकॉर्ड को तोड़ा, जिन्‍होंने 9 गोल दागे थे। 1984 में घरेलू जमीन पर प्‍लाटिनी के सभी गोल फ्रांस की जीत में काम आए थे। फ्रांस ने 1984 में यूरो का खिताब जीता था। वहीं क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने यूरो 2004 में दो गोल दागे थे, जब पुर्तगाल को फाइनल में मेजबान ग्रीस से शिकस्‍त मिली थी। इसके बाद 2008 में एक, 2012 में तीन और 2016 में तीन गोल दागे थे जब सेलेकाओ ने खिताब जीता था।

क्रिस्टियानो रोनाल्‍डो ने पुर्तगाल के लिए अब तक 106 दागे हैं। वह अब ईरान के अली डाई के इंटरनेशनल रिकॉर्ड 109 गोल की बराबरी करने से केवल 3 गोल दूर हैं।