लाइव टीवी

भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स में की धमाकेदार शुरूआत, घाना को 11-0 से रौंदा

Updated Jul 31, 2022 | 23:35 IST

India beat Ghana by 11-0: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स 2022 में अपने अभियान की धमाकेदार शुरूआत की। मनप्रीत सिंह के नेतृत्‍व वाली भारतीय हॉकी टीम ने घाना को 11-0 के विशाल अंतर से रौंद डाला।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
भारत ने घाना को हराया
मुख्य बातें
  • भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने घाना को 11-0 से रौंदा
  • भारत की तरफ से हरमनप्रीत सिंह ने हैट्रिक लगाई
  • भारतीय टीम ने पहले क्वार्टर में तीन, दूसरे में दो , तीसरे में चार और आखिरी क्वार्टर में दो गोल दागे

बर्मिंघम: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने कॉमनवेल्‍थ गेम्‍स 2022 में रविवार को अपने अभियान की धमाकेदार शुरूआत की। मनप्रीत सिंह के नेतृत्‍व वाली भारतीय हॉकी टीम ने घाना को 11-0 के विशांल अंतर से मात दी। भारतीय टीम की इस साल की यह दूसरी बड़ी जीत है। भारतीय टीम की जीत के हीरो हरमनप्रीत सिंह रहे, जिन्‍होंने अपने 150वें अंतरराष्‍ट्रीय मैच में हैट्रिक लगाई। हरमनप्रीत सिंह ने मैच के 11वें, 35वें और 53वें मिनट में गोल दागे।

इसके अलावा जुगराज सिंह ने दो गोल दागे। जुगराज ने मैच के 22वें और 43वें मिनट में गोल किए। अभिषेक (दूसरा मिनट), शमशेर सिंह (14वां मिनट), नीलाकांता शर्मा (38वां मिनट), आकाशदीप सिंह (20वां मिनट) , वरूण कुमार (39वां) और मनदीप सिंह (48वां) ने भी गोल किए। पूल डी के इस मैच में घाना के स्ट्राइकर भारतीय गोल में बहुत कम ही घुस पाए। घाना को पांच पेनल्टी कॉर्नर मिले, लेकिन एक भी गोल नहीं हो सका।

भारत को पहला पेनल्टी कॉर्नर मैच के पहले ही मिनट में मिला और अभिषेक ने रिबाउंड पर इसे गोल में बदला। 10 मिनट बाद हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर गोल करके भारत की बढत दुगुनी कर दी। अभिषेक और ललित उपाध्याय के शानदार मूव को गोल में बदलकर शमशेर ने स्कोर 3-0 किया। आकाशदीप ने 20वें मिनट में चौथा गोल दागा। वहीं दो मिनट बाद जुगराज ने पेनल्टी कॉर्नर तब्दील किया।

दूसरे हाफ के पांचवें ही मिनट में हरमनप्रीत ने पेनल्टी कॉर्नर पर दूसरा गोल किया। तीन मिनट बाद नीलाकांता ने रिबाउंड पर गोल दागा जब हरमनप्रीत सिंह का पहला शॉट घाना के गोलकीपर ने बचा लिया था। अगले ही मिनट वरूण कुमार ने पेनल्टी कॉर्नर को तब्दील किया। जुगराज ने अपना दूसरा गोल पेनल्टी कॉर्नर पर दागा। आखिरी क्वार्टर में मनदीप और हरमनप्रीत ने एक एक गोल किया। भारत को अब कल इंग्लैंड से खेलना है।