लाइव टीवी

जेरमी लालरिनुंगा को प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने दी बधाई, पीएम बोले- हमारी युवा शक्ति रच रही है इतिहास 

Updated Jul 31, 2022 | 19:11 IST

भारत के लिए बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में दूसरा गोल्ड मेडल जीतने वाले वेटलिफ्टर जेरमी लालरिनुंगा को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदि मुर्मू ने बधाई दी है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
जेरमी लालरिनुंगा
मुख्य बातें
  • जेरमी लालरिनुंगा ने पुरुषों के 67 किग्रा वेटलिफ्टिंग में जीता गोल्ड
  • दो गेम्स रिकॉर्ड तोड़कर अपने नाम किया सोने का तमगा
  • 15 साल की उम्र में वर्ल्ड यूथ ओलंपिक में जीता था गोल्ड मेडल

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीतने के लिए भारोत्तोलक जेरमी लालरिनुंगा को बधाई देते हुए कहा कि बेहद कम उम्र में उन्होंने देश को गौरान्वित किया है। उन्नीस साल के जेरेमी ने खेलों के दो नए रिकॉर्ड के साथ बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में भारत के लिए दूसरा स्वर्ण पदक जीता।

मोदी ने ट्वीट किया, 'हमारी युवा शक्ति इतिहास रच रही है! जेरेमी को बधाई जिन्होंने अपने पहले ही राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक जीता और राष्ट्रमंडल खेलों में शानदार रिकॉर्ड बनाया। इतनी कम उम्र में उन्होंने देश को गौरवांवित किया। भविष्य की प्रतियोगिताओं के लिए उन्हें शुभकामनाएं।'

राष्ट्रपति बोलीं आत्मविश्वास के कारण रच पाए इतिहास 
वहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जेरेमी लालरिनुंगा इस गौरवपूर्ण पल लिए शुभकामनाएं दीं। मुर्मू ने ट्वीट किया, 'राष्ट्रमंडल खेलों में भारोत्तोलन का स्वर्ण पदक जीतने के लिए जेरेमी लालरिनुंगा को बधाई। स्पर्धा के दौरान चोट के बावजूद अपने आत्मविश्वास के कारण आप इतिहास रच पाए और करोड़ों लोगों को आपने प्रेरित किया। पोडियम पर आपके जगह बनाने से भारतीय गौरान्वित हुए।

कुल 300 किग्रा वजन उठाकर जीता गोल्ड 
युवा ओलंपिक 2018 चैंपियन जेरेमी ने पुरुष 67 किग्रा वर्ग में दो नए रिकॉर्ड के साथ दबदबा बनाते हुए कुल 300 किग्रा (140 किग्रा और 160 किग्रा) वजन उठाया। उन्होंने समोआ के वेइपावा नीवो इयोन 293 किग्रा (127 किग्रा और 166 किग्रा) और नाइजीरिया के इडिडियोंग जोसेफ उमोआफिया 290 किग्रा (130 किग्रा और 160 किग्रा) को पछाड़ा जिन्हें क्रमश: रजत और कांस्य पदक मिला।

स्नेच और कुल भार के बनाए नए राष्ट्रमंडल खेल रिकॉर्ड 
आइजोल के 19 साल के जेरेमी ने खेलों का स्नैच (140 किग्रा) और कुल भार (300 किग्रा) का रिकॉर्ड अपने नाम किया। शनिवार को मीराबाई चानू ने 49 किग्रा वर्ग में स्वर्ण पदक के साथ उम्मीद के मुताबिक 2018 गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में जीतने अपने खिताब का सफलतापूर्वक बचाव किया था।