लाइव टीवी

कोविड-19 पॉजिटिव मनदीप सिंह को अस्‍पताल में भर्ती कराया गया, हालत स्थिर: साई

Updated Aug 11, 2020 | 11:03 IST

Mandeep Singh: मनदीप सिंह को खून में ऑक्सीजन का स्तर गिरने के बाद बेंगलुरू के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। मनदीप और पांच अन्य भारतीय खिलाड़ियों को कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया था।

Loading ...
मनदीप सिंह
मुख्य बातें
  • मनदीप सिंह को खून में ऑक्‍सीजन का स्‍तर गिरने के बाद अस्‍पताल में भर्ती कराया गया
  • साई ने बताया कि भारतीय हॉकी टीम के फॉरवर्ड मनदीप सिंह की हालत स्थिर है
  • मनदीप सिंह के अलावा पांच अन्‍य भारतीय खिलाड़ी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए

बेंगलुरू: कोरोना वायरस पॉजिटिव पाए गए भारतीय हॉकी टीम के फॉरवर्ड मनदीप सिंह को खून में ऑक्सीजन का स्तर गिरने के बाद बेंगलुरू के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, लेकिन उनकी हालत स्थिर है। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने मंगलवार को यह जानकारी दी। 20 अगस्त से शुरू हो रहे राष्ट्रीय शिविर के लिए बेंगलुरू पहुंचने पर मनदीप और पांच अन्य भारतीय खिलाड़ियों को पिछले हफ्ते कोरोना वायरस पॉजिटिव पाया गया था। इन पांच खिलाड़ियों में कप्तान मनप्रीत सिंह, डिफेंडर सुरेंदर कुमार और जसकरन सिंह, ड्रैगफ्लिकर वरूण कुमार और गोलकीपर कृष्ण बहादुर पाठक शामिल हैं।

साई ने बयान में कहा, '10 अगस्त (सोमवार) की रात को जांच के दौरान पता चला कि मनदीप सिंह के खून में ऑक्सीजन का स्तर सामान्य से कम है, जो इस बात का संकेत है कि वह कोविड के मामूली स्तर से औसत स्तर की ओर बढ़ रहे हैं। परिसर में मौजूद साई अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एहतियाती कदम के तौर पर उन्हें एसएस स्पर्श मल्टीस्पेशियेलिटी अस्पताल में भर्ती कराया। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है।'

25 साल के मनदीप ने भारत के लिए अब तक 129 मैचों में 60 गोल दागे हैं। वह 2018 में एशियाई चैंपियन्स ट्रॉफी जीतने वाली भारतीय टीम का भी हिस्सा थे।
साई के अनुसार एक महीने के ब्रेक के बाद देश के विभिन्न हिस्सों से बेंगलुरू पहुंचने के दौरान खिलाड़ी इस संक्रमण का शिकार हुए। साई ने बताया कि खिलाड़ियों की दिन में चार बार जांच की जा रही है। भारत में अब तक इस वायरस से 22 लाख से अधिक लोग संक्रमित हुए हैं जबकि 45 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई है।