लाइव टीवी

खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी खेलों में भाग लेंगे दिग्गज खिलाड़ी, 24 अप्रैल को होगा आगाज

Updated Apr 21, 2022 | 05:40 IST

दूसरे खेले इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन इस बार कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में हो रहा है। इन खेलों का आदाज 24 अप्रैल को होगा और इसमें 3,878 खिलाडी भाग लेंगे।

Loading ...
खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स 2022
मुख्य बातें
  • दूसरे खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का 24 अप्रैल को हो रहा है आगाज
  • कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में होगा आयोजन, 3 मई को होगा समापन
  • 189 विश्वविद्यालयों के 3878 खिलाड़ी लेंगे इसमें भाग

नई दिल्ली: स्टार निशानेबाज मनु भाकर, फर्राटा क्वीन दुती चंद और तैराक श्रीहरि नटराज समेत कई ओलंपियन बेंगलुरु में 24 अप्रैल से तीन मई तक होने वाले खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी खेलों में भाग लेंगे। पर्यावरण को बढ़ावा देने की थीम पर ‘हरित खेलों’ के रूप में आयोजित इन खेलों में दो देशी खेलों योगासन और मलखम्ब पदार्पण करेंगे।

275 स्वर्ण पदक होंगे दांव पर 
इनमें 189 विश्वविद्यालयों के 3878 खिलाड़ी 20 विधाओं में भाग लेंगे और 275 स्वर्ण पदक दांव पर होंगे। सहयोगी स्टाफ और तकनीकी अधिकारियों को मिलाकर कुल भागीदारी 7500 होगी। खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने मीडिया से बातचीत में कहा, 'इतनी संख्या में प्रतियोगी और अत्याधुनिक स्टेडियमों पर तकनीकी दक्षता के साथ आयोजन से यह देश के सबसे भव्य यूनिवर्सिटी खेल होंगे।'

उप-राष्ट्रपति होंगे उद्धाटन समारोह में शामिल
करीब 35 करोड़ रुपये के बजट से हो रहे इन खेलों का उद्घाटन समारोह कांतिवीरा स्टेडियम पर होगा जिसमें उप राष्ट्रपति वेंकैया नायडू शामिल होंगे जबकि तीन मई को समापन समारोह में गृहमंत्री अमित शाह हिस्सा लेंगे। ठाकुर ने कहा कि खेलों के दौरान राष्ट्रीय डोपिंग निरोधक एजेंसी (नाडा) खिलाड़ियों में डोपिंग को लेकर जागरूकता फैलायेगी। उन्होंने कहा, 'नाडा सूचना, शिक्षा और संचार (आईईसी) के मामले में डिजिटल होने जा रहा है। इसके साथ ही खिलाड़ियों में डोपिंग को लेकर जागरूकता लाने के लिये पूरे उपाय किये जायेंगे।'

हरित खेल थीम पर होगा आयोजन
कर्नाटक राज्य ने इन खेलों को ‘हरित खेल’ बनाने के लिये पर्यावरण अनुकूल व्यवस्था सुनिश्चित की है जिसके तहत ‘जीरो वेस्ट’ और ‘जीरो प्लास्टिक’ खेल होंगे। इन खेलों का पहला सत्र भुवनेश्वर में फरवरी 2020 में आयोजित हुआ था जिसमें 3182 खिलाड़ियों ने भाग लिया था जो 158 यूनिवर्सिटी और कॉलेज से थे। पंजाब 46 पदक जीतकर चैम्पियन रहा था जिसमें 17 स्वर्ण पदक थे।