लाइव टीवी

Wimbledon 2022: एलिना रिबाकिना ने रचा इतिहास, बनीं विंबलडन खिताब जीतने वाली पहली कजाकिस्तानी खिलाड़ी

Updated Jul 09, 2022 | 22:33 IST

Wimbledon 2022 Elena Rybakina Ladies Singles champion: कजाकिस्तान की 23 वर्षीय खिलाड़ी एलिना रिबाकिना ने विंबलडन 2022 का महिला एकल खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। 

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
विंबलडन महिला एकल चैंपियन एलिना रिबाकिना
मुख्य बातें
  • एलिना रिबाकिना ने जीता विंबलडन का महिला एकल खिताब
  • बनीं ग्रैडस्लैम खिताब जीतने वाली कजाकिस्तान की पहली खिलाड़ी
  • ट्यूनीशिया की ओन्स जाबेर को दी तीन सेट तक चले मुकाबले में मात

लंदन: रूस की राजधानी मॉस्को में जन्मीं कजाकिस्तान की 23 वर्षीय खिलाड़ी एलिना रिबाकिना (Elena Rybakina) ने शनिवार को इतिहास रच दिया। ट्यूनीशिया की 27 वर्षीय ओन्स जाबेर को तीन सेट तक चले मुकाबले में 3-6, 6-2, 6-2 से हराकर उन्हें साल 2022 का महिला एकल खिताब अपने नाम कर लिया। वो टेनिस ग्रैंड स्लैम खिताब जीतने वाली कजाकिस्तान की पहली खिलाड़ी हैं। 

साल 2018 से एलिना रिबाकिना कजाकिस्तान का प्रतिनिधित्व कर रही हैं। कजाकिस्तान ने उन्हें वित्तीय मदद देने की पेशकश की थी। यूक्रेन पर रूसी हमले की वजह से इस साल रूस और बेलारूस के खिलाड़ियों के विंबलडन में भाग लेने पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। ऐसे में एलिना रिबाकिना लगातार सुर्खियों में रहीं।

यह आल इंग्लैंड क्लब पर 1962 के बाद पहला महिला खिताबी मैच रहा जिसमें दोनों खिलाड़ी अपने डेब्यू में मेजर फाइनल में पहुंची हों। रिबाकिना की रैंकिंग 23 है। 1975 में जब से डब्ल्यूटीए कम्प्यूटर रैंकिंग शुरू हुई है, महज एक महिला खिलाड़ी ऐसी है जिसने रिबाकिना से निचली रैंकिंग पर रहते हुए विम्बलडन खिताब जीता और वो हैं वीनस विलियमस जिन्होंने 2007 में यहां खिताब जीता था और तब उनकी रैंकिंग 31 थी। हालांकि इससे पहले वीनस नंबर एक रह चुकी थीं और ऑल इंग्लैंड क्लब में अपने करियर की पांच ट्रॉफियों में से तीन जीत चुकी थीं।

रिबाकिना ने सेंटर कोर्ट पर जाबेर की ‘स्पिन’ और ‘स्लाइस’ से पार पाने के लिये अपनी सर्विस और ताकतवर फॉरहैंड का बेहतर इस्तेमाल किया। रिबाकिना ने इस तरह जाबेर की लगातार 12 मैच जीतने की लय तोड़ दी। जाबेर की यह लय ग्रासकोर्ट पर चल रही थी।
(एजेंसी इनपुट के साथ)