लाइव टीवी

चीनी मार्शल आर्ट‍िस्‍ट ने 'वन-इंच पंच' से इंटरनेट पर जीता दिल, लोगों को याद आए ब्रुस ली [Video]

Updated Apr 08, 2021 | 12:30 IST

सोशल मीडिया पर एक चीनी मार्शल आर्टिस्‍ट का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें उसे 'कुंग-फू' की एक टेक्‍नीक 'वन-इंच पंच' करते देखा जा रहा है। यह ब्रुस ली की वजह से कभी खूब लोकप्रिय था।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspInstagram
चीनी मार्शल आर्ट‍िस्‍ट ने 'वन-इंच पंच' से इंटरनेट पर जीता दिल, लोगों को याद आए ब्रुस ली [Video]

बीजिंग : 'वन-इंच पंच' कुंग-फू का एक प्रशिक्षण अभ्यास है, जो कभी दिग्गज अभिनेता और मार्शल आर्टिस्‍ट ब्रुस ली के कारण लोकप्रिय था। 0-15 सेंटीमीटर की रेंज में प्रदर्शित किया जाने वाला 'वन-इंच पंच' अब भी दक्षिणी चीनी मार्शल आर्ट की विभिन्न शैलियों में मौजूद है। इस कौशल को 'फा जीन' कहा जाता है, जिसका हिन्‍दी अनुवाद 'विस्फोटक शक्ति' होता है।

यह तरीका 1964 में आयोजित लॉन्‍ग बीच इंटरनेशनल कराटे चैंपियनशिप में प्रदर्शन के बाद दुनिया के समक्ष आया था, जिसे 1960 के दशक में ब्रुस ली ने पश्चिमी दुनिया में लोकप्रियता दी। रिपोर्ट्स के अनुसार, उन्होंने हांगकांग में अपने विंग चुन प्रशिक्षण से यह तकनीक सीखी थी। हालांकि मार्शल आर्ट के क्षेत्र में यह अब भी प्रचलित है, लेकिन अभिनेता के निधन के बाद इसकी लोकप्रियता में कमी आ गई थी।

सुर्खियां बटोर रहा ये कलाकार

अब एक चीनी मार्शल कलाकार ने एक बार फिर यह कौशल दिखाया है, जो खूब सुर्खियां बटोर रहा है। यह वायरल वीडियो क्लिप सबसे पहले इंस्टाग्राम अकाउंट @mosstructionx पर शेयर किया गया था, जिसके 38,000 से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, लेकिन इसके पोस्‍ट सिर्फ 14 हैं।

एक क्लिप में शख्‍स को अपने दाहिने कंधे पर एक महिला को उठाकर एक इंच के मुक्के से दो सीमेंट ब्लॉक तोड़ते देखा जा रहा है। एक अन्य वीडियो में उसे 'वन-इंच पंच' के साथ तीन सीमेंट ब्लॉक्‍स को आराम से तोड़ते हुए दिखाया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह मार्शल आर्टिस्‍ट चीन के गुआंगडोंग प्रांत के मेइझियान जिले के मीझोउ का रहने वाला है।