लाइव टीवी

Varanasi Old Age Home: वाराणसी में निराश्रित महिलाओं और विधवाओं को मिलेगा आश्रय, 4.96 करोड़ से बन रहा वृद्धाश्रम

Updated Jun 23, 2022 | 14:57 IST

Varanasi Old Age Home: वाराणसी में अब सड़कों पर निराश्रित महिलाएं नहीं दिखेंगी। इनका घर बनकर लगभग तैयार है। यहां वह बच्चों के साथ रहेंगी। करोड़ों रुपए से वृद्धाश्रम का निर्माण करवाया गया है। यहां रहने वाली महिलाओं के लिए प्रार्थना कक्ष और पुस्तकालय भी बनवाया जाएगा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
वाराणसी में निराश्रित महिलाओं का दूर होगा एकाकीपन
मुख्य बातें
  • दुर्गाकुंड स्थित वृद्धाश्रम में थीम पार्क भवन बनवाया जा रहा
  • इस भवन में माताओं के साथ 10 साल के निराश्रित बच्चे भी रहेंगे
  • अभी इस आश्रम में 18 महिलाएं हैं और ज्यादार विधवा हैं

Varanasi Old Age Home: वाराणसी में निराश्रित, विधवा और वृद्ध महिलाओं के लिए रहने-खाने के साथ अकेलापन दूर करने के लिए सरकारी स्तर पर बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं। दुर्गाकुंड स्थित वृद्धाश्रम में थीम पार्क भवन बनवाया जा रहा है। इस भवन में महिलाओं के साथ 10 साल तक के निराश्रित बच्चे भी रहेंगे। ताकि महिलाओं का मन लगा रहे। फिलहाल इस वृद्धाश्रम में 18 महिलाएं हैं। इनमें से ज्यादातर महिलाएं विधवा हैं। 

बता दें दुर्गाकुंड स्थित वृद्धाश्रम में थीम पार्क बनाने की मंजूरी 2015 में मिली थी, लेकिन किन्हीं कारणों से इसका निर्माण शुरू नहीं हो सका था। अब यूपीपीसीएल 4.96 करोड़ रुपए से चार फ्लोर का थीम पार्क भवन बनवा रहा है। यह भवन अगले महीने पूरी तरह बनकर तैयार हो जाएगा। 

नौ कमरे, शौचालय, स्नानागार होंगे

इस थीम पार्क भवन के ग्राउंड फ्लोर पर प्रार्थना कक्ष, एक्टिविटी कक्ष, रसोईघर रहेगा। पहले फ्लोर पर तीन डोरमेट्री, प्रशासक कक्ष, पुस्तकालय, सभा कक्ष होगा। दूसरे फ्लोर पर नौ कमरे, शौचालय और स्नानागार रहेगा। हर कमरे में चार बच्चे रहेंगे। तीसरे फ्लोर पर माताओं के लिए 10 कमरे होंगे। इसके अतिरिक्त शौचालय और स्नानागार होगा। एक कमरे में दो महिलाएं रहेंगी। भवन में लिफ्ट की भी सुविधा होगी। पार्क में फूल-पौधे भी लगाए जाएंगे, ताकि महिलाओं में सकारात्मकता आए। 

माताओं का एकाकीपन होगा दूर

इस बारे में जिला प्रोबेशन अधिकारी पीके त्रिपाठी का कहना है कि बच्चे साथ रहेंगे तो माताओं का एकाकीपन दूर होगा। इससे महिलाओं के अलावा निराश्रित बच्चों को भी लाभ मिलेगा। यह बच्चे इन माताओं के बुढ़ापे का सहारा बनेंगे।

भवन के रंग-रोगन का चल रहा काम

फिलहाल थीम पार्क भवन में कुछ काम शेष हैं। अभी रंग-रोगन का काम चल रहा है। यह पूरा हो जाने के बाद सुरक्षा के दृष्टिकोण से कुछ काम किए जाने हैं। भवन परिसर की अच्छे से घेराबंदी करानी है। इसके अलावा टीवी, पंखे, बेड आदि की भी व्यवस्था की जानी है। 

Varanasi News in Hindi (वाराणसी समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।