लाइव टीवी

Varanasi News: वाराणसी में अब गाय के गोबर से बनेगा पेंट, आपके घर-ऑफिस की दीवारों और ग्रिल की बढ़ाएगा रौनक

Updated Apr 20, 2022 | 15:51 IST

Varanasi News: अब तक हम सबने गाय के गोबर से खाद बनते देखी है। मगर, अब वाराणसी में गाय के गोबर से पेंट बनाया जाएगा। इससे दीवारों की रंगाई-पुताई भी होगी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
वाराणसी में खादी ग्रामोद्योग आयोग बनाएगा गोबर से पेंट
मुख्य बातें
  • इससे पक्की दीवारों का किया जाएगा रंग-रोगन
  • सेवापुरी ब्लॉक में लगाई जाएगी पहली इकाई
  • 115 गोशालाओं एवं स्थानीय गोपालकों से खरीदा जाएगा गोबर

Varanasi News: वाराणसी में एक जबरदस्त प्रयोग हो रहा है। यहां गाय के गोबर से अब पेंटर और डिस्टेंपर बनाया जाएगा। इसका निर्माण फिलहाल सेवापुरी ब्लॉक में शुरू होगा। यहां इसका प्लांट बनाया जाएगा। गाय के गोबर से बने पेंट से पक्की दीवारों को चमकाया जाएगा। 

इसका निर्माण खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग कराएगा। 15 जून से उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य है। इसको ध्यान में रखकर 115 गोशालाओं से संपर्क साधा गया है। स्थानीय गोपालकों से भी गोबर की खरीद की जाएगी।  

गोपालकों को प्रति किलो गोबर का 5 रुपए मिलेगा
खादी ग्रामोद्योग आयोग के मुताबिक, गोपालकों को प्रति किलो गोबर के एवज में 5 रुपए दिए जाएगें। इस प्लांट की वजह से क्षेत्र में रोजगार पैदा होगा। इसके अलावा लोग स्वरोजगार की ओर भी कदम बढ़ाएंगे। गाय के गोबर से बना पेंट पर्यावरण के बिल्कुल अनुकूल, एंटी बैक्ट्रीरियल, एंटी फंगल, सामान्य पेंट के मुकाबले यह सस्ता और गंधरहित रहेगा।

100 किलो गोबर से बनेगा 20 लीटर पेंट
आयोग के अधिकारियों का कहना है कि, गाय के गोबर को बारीक किया जाएगा। फिर उसमें से 40 प्रतिशत तरल पदार्थ निकाल दिए जाएंगे। इसमें टाईटेनियम डाई-ऑक्साइड, कैल्शियम कार्बोनेट, थिनर और प्राकृतिक रंग मिलाकर पेंट बनाया जाएगा। यह पेंट खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के शोरूम में बिकेगा। शुरुआत में सफेद डिस्टेंपर और पेंट आएगा। इससे दीवार के अलावा लोहे के रॉड को भी पेंट किया जा सकेगा।  

पहली बार गोबर से बनवाया जा रहा पेंट
इस बारे में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के निदेशक डीएस भाटी ने बताया कि, वाराणसी में पहली बार गोबर से पेंट बनवाया जा रहा है। यह प्रदेश स्तर पर भी पहली बार ही हो रहा है। आगे बताया कि, सेवापुरी में 15 जून से प्लांट में गाय के गोबर से डिस्टेंपर और पेंट का उत्पादन कराने का लक्ष्य निर्धारित है। इस पेंट की कीमत बाजार में बेहद कम रहेगी।  

Varanasi News in Hindi (वाराणसी समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।