लाइव टीवी

Crime News: जौनपुर में गोलियों की धाएं धाएं से थर्राया परमानंदपुर गांव, तनाव कायम, जानें पूरा मामला

Updated Jul 30, 2022 | 15:32 IST

Crime News: जौनपुर में शनिवार की सुबह दो पक्ष आमने-सामने हो गए। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना के बाद पुलिस उस गांव में पहुंची, जिसके बाद मामला शांत हुआ है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
रंजिश में दो पक्षों में गोलीबारी, पुलिस पर भागने का आरोप
मुख्य बातें
  • केराकत थाना क्षेत्र के परमानंदपुर गांव की घटना
  • रंजिश को लेकर पहले लाठी-डंडे चले फिर गोलीबारी की गई
  • पुलिस गोली चलाने से कर रही इंकार

Crime News: पुरानी रंजिश को लेकर केराकत थाना क्षेत्र में शनिवार की सुबह दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। दोनों पक्ष की ओर से पहले लाठी-डंडे चले और फिर गोलीबारी हुई। इसमें दो लोग बुरी तरह से घायल हो गए हैं। डॉक्टरों के मुताबिक घायलों को लाठी-डंडों से चोट लगी है। इधर, पुलिस शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गांव में तैनात है। पुलिस फायरिंग से इंकार कर रही है। 

दरअसल, ऊसरपुर गांव निवासी आनंद सागर दूध बेचते हैं। शनिवार सुबह वह दूध दुहाने बाइक से जा रहे थे। इस दौरान छह लोगों को खड़ा देखकर उन्हें लगा कि वे उनको घेरकर पीटने वाले हैं। ऐसे में वह बाइक छोड़कर भाग गए। उन्होंने यूपी 112 पर कॉल करके सूचना दी। 

20 लोग पहुंचे थे आरोपी के घर

आनंद सागर की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी का घर दिखाने के लिए कहा। इसके बाद आनंद सागर के पक्ष के 20 लोग पुलिस कर्मियों के साथ आरोपी धीरज यादव के घर परमानंदपुर गांव पहुंचे। परमानंदपुर गांव के लोगों का कहना है कि, पुलिस कर्मियों की उपस्थिति में आनंद सागर के लोग धीरज को मारने की नीयत से उसके पीछे दौड़े। इसके बाद धीरज के पिता सितई यादव को बेरहमी से पीटा। इससे आक्रोशित परमानंदपुर के लोग भी आनंद सागर के लोगों को दौड़-दौड़ कर पीटने लगे। फिर दोनों ओर से गोलीबारी की गई। इस दौरान आनंद सागर भी घायल हो गया। 

पुलिस कर्मियों पर गांव से भागने का आरोप

परमानंदपुर के लोगों का कहना है कि, जब दोनों पक्षों की ओर से गोलीबारी शुरू हुई तो पुलिस कर्मी वहां से भाग निकले। पुलिस काफी देर बाद दोबारा मौके पर पहुंची। फिर दोनों पक्ष के कुछ लोगों को हिरासत में लिया। इन लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। इस बारे में सीओ गौरव कुमार शर्मा का कहना है कि, दोनों पक्षों में लाठी-डंडे से मारपीट हुई थी। फिलहाल मामले की जांच कर करवाई जा रही है। 

Varanasi News in Hindi (वाराणसी समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।