लाइव टीवी

Varanasi: बंदर छत पर मचा रहे थे उत्‍पात, युवक भगाने गया तो बंदरों ने दौड़ाया, जान बचाने के चक्‍कर में मिली मौत

Updated Jul 31, 2022 | 16:41 IST

Varanasi News: सरायमीर कस्बा में बंदरों के झुंड द्वारा दौड़ाये जाने पर भागता हुआ एक युवक छत से नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसके बाद परिजन अस्‍पताल लेकर गए, जहां इलाज के दौरान युवक की मौत हो गई। इस मोहल्‍ले में अब तक छह लोगों को बंदर काट चुके हैं। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
बंदरों के दौड़ाने पर भागते हुए छत से गिरकर युवक की मौत (प्रतीकात्मक फोटो)
मुख्य बातें
  • छत पर बंदरों के झुंड को भगाने गया था मृतक युवक
  • बंदरों ने दौड़ाया तो भागते हुए छत से गिर गया युवक
  • इस क्षेत्र में लंबे समय से बंदरों का आतंक, कई को काटा

Varanasi News: वाराणसी से सटे आजमगढ़ के सरायमीर कस्बा में बंदरों के हुड़दंग से परेशान एक युवक उन्‍हें भगाने पहुंचा। इस दौरान बंदरों के झुंड ने युवक को ही दौड़ा लिया। उत्‍पाती बंदरों से जान बचाने के लिए भागता युवक छत से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्‍काल अस्‍पताल पहुंचाया गया, जहां पर इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग से इन बंदरों को पकड़ने की मांग की है।

इस हादसे में मृतक की पहचान गढ़वा मुहल्ला निवासी 28 वर्षीय अशोक कुमार के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शनिवार शाम करीब पांच बजे घर की छत पर एकाएक बहुत सारे बंदर आ गए और हुड़दंग मचाने लगे। उन बंदरों को भगाने के लिए छत पर गए। बंदरों ने भागने की जगह काटने के लिए अशोक को ही दौड़ा लिया। जिससे बचने के लिए भागे अशोक छत पर रेलिंग न होने के कारण सीधे नीचे गिर कर गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान ही रविवार को अशोक की मौत हो गई। परिजनों के अनुसार मृतक के दो छोटे पुत्र हैं।

कई माह से बंदरों का उत्‍पात, आधा दर्जन लोग घायल

ग्रामीणों के अनुसार इस मोहल्‍ले में बंदरों का इस तरह से हमला करना कोई नई बात नहीं है। अब तक करीब आधा दर्जन लोगों को ये बंदर काट चुके हैं। हालांकि बंदरों की वजह से मौत पहली बार हुई है। स्‍थानीय निवासियों ने बताया कि मान्‍यताओं के अनुरूप यहां के लोग बंदरों पर हमला नहीं करते हैं, जिसकी वजह से यहां पर बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। पिछले माह भी बंदर ने एक बच्‍चे के हाथ में काट लिया था। बंदरों से निजात दिलाने के लिए यहां के निवासियों ने कई बार प्रशासन और वन विभाग से भी इसकी शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं बंदर की वजह से इस क्षेत्र में पहली मौत के बाद अब यहां दहशत का माहौल बना हुआ है। लोगों ने अब अपनी छतों पर भी जाना छोड़ दिया है।

Varanasi News in Hindi (वाराणसी समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।