लाइव टीवी

Gyanvapi Masjid: ज्ञानवापी मस्जिद में आज का सर्वे खत्म, परिसर के बाहर हुई वीडियोग्राफी

Updated May 06, 2022 | 19:39 IST

Gyanvapi Complex Survey : मस्जिद में आज का सर्वे खत्म हो गया है। सर्वे टीम शनिवार को फिर मस्जिद का सर्वे करने जाएगी। कोर्ट द्वारा नियुक्त सर्वे टीम शुक्रवार को ज्ञानवापी मस्जिद पहुंची और करीब चार घंटे तक मस्जिद के बाहरी परिसर का सर्वे किया।

Loading ...
ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के बाहर सर्वे हुआ।

Gyanvapi Complex Survey : ज्ञानवापी मस्जिद में आज का सर्वे खत्म हो गया है। सर्वे टीम शनिवार को फिर मस्जिद का सर्वे करने जाएगी। कोर्ट द्वारा नियुक्त सर्वे टीम शुक्रवार को ज्ञानवापी मस्जिद पहुंची और करीब चार घंटे तक मस्जिद के बाहरी परिसर का सर्वे किया। टीम पहले दिन मस्जिद परिसर में दाखिल नहीं हुई। टीम ने श्रृंगार गौरी चबूतरे की वीडियोग्राफी की। शनिवार को तीन बजे से फिर से सर्वे का काम शुरू होगा। मुस्लिम पक्ष मस्जिद परिसर के अंदर वीडियोग्राफी एवं सर्वे का विरोध कर रहा है। उसका कहना है कि कोर्ट के आदेश में सर्वे को लेकर स्पष्ट रूप से कुछ नहीं कहा है। 

मस्जिद के बाहरी इलाके में सर्वे का काम हुआ
कोर्ट की ओर से नियुक्त सर्वे टीम आज 3 बजे मस्जिद परिसर पहुंचने वाली थी लेकिन वह 3 बजकर 40 मिनट पर मशक्कत के बाद मस्जिद परिसर में दाखिल हुई। आज करीब चार घंटे में मस्जिद के बाहरी इलाके में सर्वे का काम हुआ। कोर्ट द्वारा नियुक्त कमिश्नर मस्जिद परिसर के भीतर जाना चाहते थे लेकिन बताया जाता है कि मुस्लिम एवं हिंदू पक्ष के बीच भीतर जाने को लेकर बहुत ही तीखी बहस हुई। मुस्लिम पक्ष के वकील ने कमिश्नर से कहा कि वह मस्जिद के अंदर नहीं जा सकते। 

मुस्लिम पक्ष के वकील ने कमिश्नर पर सवाल खड़े किए
वहीं,हिंदू पक्ष के वकील का कहना है कि कोर्ट ने मस्जिद परिसर के अंदर का वीडियोग्राफी करने का आदेश दिया है। अगर इसे रोका जाता है तो यह अदालत की अवमानना होगी। मस्जिद पक्ष के वकील ने कोर्ट द्वारा नियुक्त कमिश्नर पर सवाल खड़े किए। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि कमिश्नर एक पार्टी के रूप में काम कर रहे हैं, उन्हें बदले जाने के लिए वह शनिवार को पत्र लिखने वाले हैं।  

करीब 30 साल पुराना मामला
हिंदू पक्ष के एक वर्ग का मानना है कि बनारस में औरंगजेब ने काशी विश्वानाथ मंदिर को तोड़कर और उसके अवशेषों के जरिए ज्ञानवापी मस्जिद का निर्माण कराया था। यह करीब 30 साल पुराना मामला है, जब साल 1991 में पुजारियों के समूह ने बनारस की कोर्ट में याचिका दायर की थी। जिन्होंने ज्ञानवापी मस्जिद क्षेत्र में पूजा करने की अनुमति मांगी थी।

Varanasi News in Hindi (वाराणसी समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।