लाइव टीवी

Varanasi News: वाराणसी नगर निगम में शामिल होंगे दो निकाय, अब यहां तक होगी सीमा, क्षेत्र का होगा विकास

Updated Jul 18, 2022 | 20:16 IST

Varanasi Municipal Corporation: वाराणसी नगर निगम क्षेत्र का विस्तार हो रहा है। इसमें अब दो अन्य नगर निकाय शामिल हो रहे हैं। शासन को प्रस्ताव भेजा जा चुका है। कैबिनेट से प्रस्ताव के पास हो जाने के बाद आगे की कार्यवाही शुरू की जाएगी।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
वाराणसी नगर निगम का बढ़ने वाला है दायरा
मुख्य बातें
  • राम नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत सूजाबाद को निगम में शामिल होना है
  • इन दोनों निकायों के शामिल होने से निगम का क्षेत्रफल सवा दो गुना बढ़ जाएगा
  • फिलहाल नगर निगम में 90 वार्ड हैं, जो बढ़कर 100 हो जाएंगे

Varanasi Municipal Corporation: वाराणसी नगर निगम में बहुत जल्द राम नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत सूजाबाद शामिल हो जाएंगी। इन दोनों नगर निकायों को नगर निगम में शामिल किए जाने को लेकर शासन के पास प्रस्ताव भेजा जा चुका है। कैबिनेट से मंजूरी मिलने के बाद परिसीमन की कार्यवाही शुरू कर दी जाएगी। निगम का विस्तार हो जाने के बाद इसकी सीमा चंदौली से सट जाएगी। 

सूजाबाद नगर पंचायत और राम नगर पालिका परिषद के शामिल हो जाने के बाद नगर निगम का क्षेत्रफल सवा दो गुना बढ़ेगा। अभी निगम का क्षेत्रफल 82 वर्ग किलोमीटर है, जिसमें 87 नए गांवों का क्षेत्रफल करीब 86 वर्ग किलोमीटर है। राम नगर एवं सूजाबाद का क्षेत्रफल 15 वर्ग किलोमीटर है। इस हिसाब से निगम का क्षेत्रफल 173 वर्ग किलोमीटर हो जाना है। 

निगम का बढ़ाया जोन

नगर निगम के बढ़े हुए क्षेत्रफल को जोड़कर वार्डों की संख्या भी बढ़ जाएगी। कुल वार्ड 100 हो जाएंगे, जो कि अभी 90 हैं। मुकम्मल तौर पर प्रशासनिक गतिविधियों को क्रियान्वित करने के लिए एक जोन भी बनाना पड़ेगा। राम नगर पालिका परिषद और नगर पंचायत सूजाबाद के शामिल हो जाने पर नगर निगम के वार्डों का नए सिरे से परिसीमन किया जाएगा। इससे पुराने वार्डों का भी भूगोल बदल जाएगा। 

दो साल पहले ही वजूद में आई है सूजाबाद नगर परिषद

बता दें सूजाबाद नगर पंचायत दो साल पहले ही वजूद में आई है। गंगा पार के इस क्षेत्र का गठन 20 सितंबर 2020 को किया गया है। उस वक्त भी नगर निगम में नई पंचायत एवं राम नगर पालिका परिषद को शामिल करने की मांग हुई थी। इन निकायों को निगम में शामिल किए जाने के पीछे जिला प्रशासन का कहना है कि, देव दीपावली या अन्य त्योहार पर गंगा पार रेती पर कार्यक्रम होते हैं तो सफाई व्यवस्था नगर निगम को ही कराना होती है, ऐसे में दोनों निकाय को निगम क्षेत्र में जोड़ा जाना मुनासीब है। 

Varanasi News in Hindi (वाराणसी समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharat पर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) के अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।