लाइव टीवी

Imran Khan: भारत की आबादी पर बयान के लिए ट्रोल हुए इमरान खान, नेटिजन्स ने सुनाई खरी-खरी  

Updated Aug 04, 2021 | 16:36 IST

पाकिस्तान (Pakistan) के प्रधानमंत्री इमरान खान (Imran Khan) भारत की आबादी पर बयान के लिए ट्रोल हुए हैं। खान ने भारत की आबादी (India's Population) एक अरब 300 करोड़ बताया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspAP
भारत की जनसंख्या पर गलत तथ्य देने के लिए ट्रोल हुए इमरान खान।
मुख्य बातें
  • टेस्ट क्रिकेट और जनसंख्या की तुलना करते समय इमरान खान से हुई चूक
  • पाकिस्तान के पीएम ने भारत की जनसंख्या 1 अरब 300 करोड़ बताई है
  • नेटिजन्स ने कहा कि तथ्यों को पेश करने से पहले चेक कर लिया करें इमरान

नई दिल्ली : पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान अपने बयान को लिए सोशल मीडिया पर एक बार फिर ट्रोल हुए हैं। इस बार, उन्हें भारत की गलत जनसंख्या बताने के लिए ट्रोल किया जा रहा है। खान ने भारत की आबादी एक अरब 300 करोड़ बताया है। इस बयान के बाद वह लोगों के निशाने पर आ गए हैं। दरअसल, टेस्ट क्रिकेट और दुनिया के बीच तुलना करते समय इमरान खान से यह चूक हुई। खान का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

पाक में खेल के हालात पर दिया बयान 
पाकिस्तान में खेल की हालत इतनी दयनीय क्यों हैं, इमरान इस सवाल का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कम आबादी के लिए न्यूजीलैंड का हवाला दिया। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड की आबादी कम है फिर भी उसने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में अपने से ज्यादा जनसंख्या वाले देश भारत को हराया। उन्होंने कहा, '40-50 लाख आबादी वाले देश न्यूजीलैंड ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में एक अरब 300 करोड़ की जनसंख्या वाले देश भारत को हरा दिया।'

भारत की आबादी 136 करोड़ है
2019 की जनगणना के मुताबिक भारत की आबादी 136 करोड़ है। खान का यह वीडियो ट्विटर पर पोस्ट किया गया। थोड़ी देर में नेटिजन्स ने इस वीडियो को लेकर उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया। एक यूजर ने कहा, 'इमरान खान को पहले अपने तथ्यों को चेक और भारत की आबादी के बारे में बात करने से पहले थोड़ा दिमाग लगाना चाहिए।'

जर्मनी और जापान को पड़ोसी देश बता चुके हैं 
ट्विटर के एक अन्य यूजर ने कहा, 'मुझे पूरा यकीन है कि खान साहब को यह भी पता नहीं होगा कि एक अरब में कितने शून्य होते हैं।' एक अन्य यूजर ने लिखा, 'भूगोल, इतिहास के बाद अब गणित में इमरान खान फिसड्डी साबित हुए हैं। शायद वह केमेस्ट्री में अच्छा कर सकें?' एक यूजर ने लिखा है, 'यह वही व्यक्ति हैं जिन्होंने कहा था कि जापान और जर्मनी की सीमा आपस में लगती है। वह कुछ भी बोल सकते हैं।' इमरान ने 2019 में जापान और जर्मनी के बारे में बयान दिया था। बता दें कि जापान एशिया और जर्मनी यूरोप महाद्वीप में स्थित है।