लाइव टीवी

'सुरक्षा खतरे' के अलर्ट के बाद लॉकडाउन में यूएस कैपिटल, वाहन ने 2 लोगों को रौंदा

Updated Apr 02, 2021 | 23:54 IST

अमेरिकी संसद यूएस कैपिटल के बाहर एक वाहन की चपेट में आने से दो अधिकारी घायल हो गए हैं। स्थानीय मीडिया के हवाले से कहा गया है कि सुरक्षा को देखते हुए यूएस कैपिटल की घेराबंदी कर दी गई है।

Loading ...
यूएस कैपिटल के बाहर वाहन ने दो लोगों को रौंदा, सुरक्षा बढ़ाई गई।

वाशिंगटन : अमेरिकी संसद यूएस कैपिटल के बाहर एक वाहन ने सुरक्षा बैरियर को रौंद दिया। वाहन की चपेट में आने से दो अधिकारी घायल हो गए हैं। स्थानीय मीडिया के हवाले से कहा गया है कि सुरक्षा को देखते हुए यूएस कैपिटल की घेराबंदी कर दी गई है और वहां लॉकडाउन लागू कर दिया गया है।शुरुआती रिपोर्टों में एक व्यक्ति के मारे जाने की बात कही गई है। इलाके में सुरक्षा अलर्ट जारी करते हुए यूएस कैपिटल पुलिस ने इस घटना को 'गंभीर' बताया है। अपने एक ट्वीट में यूएस कैपिटल पुलिस ने कहा है कि एक संदिग्ध को हिरासत में लिया गया है। इस घटना में दो अधिकारी घायल हुए हैं। सभी तीन लोगों को अस्पताल ले जाया गया है।

लॉकडाउन में यूएस कैपिटल
पुलिस का कहना है कि परिसर के बाहर एक वाहन सुरक्षा बैरियर को कथित रूप से रौंद दिया। इस घटना के बाद यूएस कैपिटल को लॉकडाउन कर दिया गया है। इस घटना के बाद पुलिस ने 'बाहरी सुरक्षा खतरे' का अलर्ट जारी किया है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक कैपिटल और वाशिंगटन डीसी की सड़कों पर पुलिस का पहरा बढ़ा दिया गया है। इस इलाके में लोगों को वहां से जाने के लिए कहा गया है। 

कैपिटल से निकल चुके थे जो बिडेन
बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति जो बिडेन कैंप डेविड जाने के लिए कैपिटल से पहले ही निकल चुके थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि कैपिटल ग्राउंड में कुछ पत्रकार, रखरखाव कर्मी मौजूद हो सकते हैं। घटना के बाद यूएस कैपिटल के पूर्वी हिस्से में एक हेलिकॉप्टर को उतरते देखा गया। बता दें कि यह घटना छह जनवरी को हुई हिंसा के तीन महीने बाद हुई है।