लाइव टीवी

Russia Ukraine War: पुतिन दुनिया के इकलौते राष्ट्राध्यक्ष, जो खुलेआम करते हैं ये 5 काम

Updated Feb 24, 2022 | 18:46 IST

यूक्रेन पर हमला हो या इससे पहले क्रीमिया को रूस में मिलाने का मसला या फिर सीरिया में राष्‍ट्रपति बशर अल-असद की सरकार के खिलाफ लड़ रहे विद्रोहियों पर बमबारी, रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन की छवि एक 'माचो मैन' के तौर पर उभरी है।

Loading ...
रूस के 'माचो मैन' क्‍यों कहलाते हैं पुतिन (तस्‍वीर साभार: Twitter@KremlinRussia_E)

Vladimir Putin: यूक्रेन पर रूस के हमले के साथ ही वैश्विक स्‍तर पर हड़कंप मच चुका है। इन सबके बीच रूस के राष्‍ट्रपत‍ि व्‍लादिमीर पुतिन एक ऐसे 'माचो मैन' के तौर पर उभरे हैं, जो यह दिखाने का प्रयास कर रहे हैं कि उन पर किसी भी तरह के वैश्विक दबाव का कोई असर नहीं होता और वह किसी से नहीं डरते। आम तौर अन्‍य देशों के राष्‍ट्राध्‍यक्ष जिन चीजों से परहेज करते नजर आते हैं, पुतिन उसे खुलेआम करते हैं। यहां हम ऐसी ही पांच चीजों का उल्‍लेख कर रहे हैं:

क्‍लाशिनिकोव स्‍नाइपर राइफल

रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमिर पुतिन की साल 2018 में एक तस्‍वीर सामने आई थी, जिसमें वह रूसी ट्रेड मार्क क्‍लाशिनिकोव स्‍नाइपर राइफल के जरिये निशाना साधने की कोशिश करते नजर आए। गॉगल्‍स पहने और इयरफोन लगाए पुतिन की यह तस्‍वीर खूब वायरल हुई, जिसमें वह मास्‍को के शूटिंग रेंज में स्‍नाइपर स्किल्‍स का प्रदर्शन करते नजर आए। पुतिन ने तब 5 बार फायरिंग की थी, जिसमें तीन बार उन्‍होंने टारगेट को हिट किया।

(तस्‍वीर साभार: AP)

ब्लैक बेल्ट

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन मार्शल आर्ट में भी खूब माहिर हैं। जुडो में वह ब्लैक बेल्ट हैं, जिनकी प्रमुख खूब‍ियां- आक्रामकता और प्रतिद्वंद्वी पर येन-केन प्रकारेण बढत उनकी कूटनीति व सरकारी कामकाज में भी नजर आती हैं। चाहे घरेलू मसला हो या अंतरराष्‍ट्रीय पुतिन ने अपनी ताकत दिखाने में कोई कोताही नहीं बरती और न ही इसकी चाहत छिपाई। वह वर्षों से अमेरिका और नाटो की धमकियों को न केवल नजरअंदाज करते रहे, बल्कि पलटवार भी करते रहे।

(तस्‍वीर साभार: Twitter@mrwtffacts)

यूक्रेन में आज सैन्‍य कार्रवाई का मसला हो या फिर इससे पहले 2014 में क्रीमिया को रूस में मिलाने का फैसला या सीरिया में राष्‍ट्रपति बशर अल असद की अपील पर विद्रोहियों के खिलाफ बमबारी, पुतिन के कई फैसलों ने अंतरराष्‍ट्रीय जानकारों को हैरान किया। पुतिन का अक्‍टूबर 2015 में दिया गया वह बयान भी खूब सुर्खियों में रहा था, जिसमें उन्‍होंने कहा था कि अगर लड़ाई होनी तय है तो वार के लिए इंतजार नहीं करना चाहिए।

ठंडे पानी में बॉडी दिखाना

पुतिन यूं तो कम्‍युनिस्‍ट शासन वाले रूस में  पले-बढ़े हैं, जिसमें धर्म की कोई विशेष महत्‍ता नहीं होती, लेकिन बतौर राष्ट्रपति वह खुद एक धर्मनिष्ठ ईसाई के रूप में सामने आते रहे हैं। पुतिन इस वक्‍त 69 साल के हैं, लेकिन हर जनवरी में कड़ाके की ठंड में भी वह 'फीस्ट डे' पर ठंडे पानी में नंगे बदन डुबकी लगाते हैं।

(तस्‍वीर साभार: Twitter@KremlinRussia_E)

'फीस्‍ट डे' को एपिफनी के तौर पर भी जाना जाता है, जिसका ईसाई धर्म में खासा महत्‍व है। इस दिन ईसाई समुदाय के लोग नदी और झील में डुबकी लगाकर ईसा मसीह को याद करते हैं, जिसे बहुत पवित्र माना जाता है। इस दौरान पुतिन मास्‍को के पास एक क्रॉस-शेप्ड पुल में डुबकी लगाते हैं। पुल तक वह शीपस्किन ओवरकोट में आते हैं, लेकिन डुबकी लगाते हुए वह केवल अंडरवियर में हो जाते हैं। इस दौरान ठंडे पानी में उनकी बॉडी साफ नजर आती है।

(तस्‍वीर साभार: Twitter@KremlinRussia_E)

बाइक चलाना

रूस के राष्‍ट्रपति व्‍लादिमीर पुतिन को बाइक चलाना भी खूब पसंद है। 2014 क्रीमिया को रूस में मिलाने के बाद 2019 में जब पुतिन यहां के दौरे पर पहुंचे थे तो उन्‍होंने यहां एक बाइक रैली भी निकाली थी, जिसमें वह खुद बाइक चलाते नजर आए।

(तस्‍वीर साभार: Twitter@EmbassyofRussia)

घुड़सवारी

रूस के राष्‍ट्रपति का एक और शौक घुड़सवारी भी है। उन्‍होंने कई मोकों पर अपनी यह कला दिखाई है। कई बार वह घुड़सवारी के दौरान शर्टलेस भी नजर आए और उनकी इन तस्‍वीरों ने रूस में खूब तालियां भी हासिल की तो कई अन्‍य मौकों पर भी वह घुड़सवारी करते नजर आए।

पुतिन का बचपन मुश्किल हालातों में बीता। इन्‍हीं कठिन परिस्थितियों में उन्‍होंने लॉ में ग्रेजुएशन किया और रूसी खुफिया एजेंसी केजीबी से जुड़े। उन्‍होंने यहां एक मामूली से पद के साथ शुरुआत की थी, लेकिन यहां आने के बाद उन्‍होंने फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। वह राजनीति में आए और फिर अपनी एक मजबूत पैठ बनाने में कामयाब रहे। रूस में करीब दो दशकों से उनकी राजनीति इसी तरह चल रही है, जिसमें कोई भी उन्‍हें चुनौती देता नजर नहीं आ रहा। उन पर अपने विरोध‍ियों को कुचलने का आरोप भी लगता रहा है।