अप्रैल-जून तिमाही में कार और बाइक की बिक्री 78% गिरावट, ट्रकों में 93%

ऑटो
भाषा
Updated Jul 20, 2020 | 17:12 IST

Vehicle sales decline in April-June quarter : कोरोना वायरस और लॉकडाउन की वजह से अप्रैल-जून तिमाही में देश में वाहन कंपनियों की बिक्री में बड़ी गिरावट रही। 

Car and bike sales decline till 78% in April-June quarter; 93% in trucks
अप्रैल-जून तिमाही में वाहन की बिक्री में भारी गिरावट  |  तस्वीर साभार: BCCL

Vehicle sales decline in April-June quarter : कोवड-19 संकट और लॉकडाउन के चलते अप्रैल-जून तिमाही में घरेलू वाहन कंपनियों की बिक्री में भारी गिरावट रही। इसके चलते उनके 2020-21 की पहली तिमाही के कारोबार परिणाम निराशाजनक रह सकते हैं। वित्तीय सेवा फर्म जेफेरीज के सोमवार को जारी एक शोधपत्र में यह संभावना जतायी गयी है। रिपोर्ट के अनुसार आने वाले दिनों में मारुति सुजुकी, टीवीएस और बजाज ऑटो जैसी कई वाहन कंपनियां अपने जून तिमाही परिणाम जारी करने जा रही हैं।

जेफेरीज ने एक शोधपत्र में कहा कि कोविड-19 संकट के बीच वाहनों की बिक्री में भारी गिरावट के चलते 2020-21 की पहली तिमाही घरेलू वाहन कंपनियों के लिए सबसे बुरी तिमाहियों में से एक रहने की आशंका है। शोधपत्र के अनुसार सालाना आधार पर यात्री वाहन और दुपहिया वाहनों की बिक्री में इस दौरान 74 से 78 प्रतिशत गिरावट आयी है। जबकि ट्रकों की बिक्री 93 प्रतिशत गिरी है।

रिपट में कहा गया है कि ट्रैक्टरों की बिक्री में गिरावट अन्य की अपेक्षा थोड़ी संभली रही। इनकी बिक्री 18 से 20 प्रतिशत गिरने की ही संभावना है। जबकि दुपहिया वाहनों का निर्यात 62 प्रतिशत तक गिरा है।

जेफेरीज ने कंपनियों की अप्रैल-जून तिमाही की बिक्री में गिरावट के आधार पर वर्ष 2020-21 की पहली तिमाही में वाहनों के मूल कलपुर्जे बनाने वाली कंपनियों की आय में सालाना आधार पर 71 प्रतिशत तक गिरावट आने का अनुमान लगाया है।

जेफेरीज ने यह रपट विभिन्न श्रेणियों के वाहन बनाने वाली नौ कंपनियों के आंकड़ों का विश्लेषण कर बनायी है। इसमें अशोक लीलैंड, बजाज ऑटो, हीरो मोटोकॉर्प, मारूति सुजुकी, आयशर मोटर्स, महिंद्रा एंड मिहिंद्रा, टीवीएस मोटर, मदरसन सूमी और भारत फोर्ज शामिल हैं।

अगली खबर