अर्थव्यवस्था के लिए अच्छी खबर, अक्टूबर में TVS और बजाज बाइक की बिक्री में काफी बढ़ोतरी

ऑटो
भाषा
Updated Nov 02, 2020 | 13:58 IST

लगता है अर्थव्यवस्था अब पटरी पर आ रही है क्योंकि टीवीएस मोटर कंपनी की बिक्री अक्टूबर में 22% बढ़कर 3,94,724 इकाई पर पहुंच गई।

Good news for economy, TVS Motor sales up 22% in October
टीवीएस बाइक की बिक्री बढ़ी  |  तस्वीर साभार: BCCL

नई दिल्ली : टीवीएस मोटर कंपनी की बिक्री अक्टूबर में 22% बढ़कर 3,94,724 इकाई पर पहुंच गई। पिछले साल समान महीने में कंपनी ने 3,23,368 वाहन बेचे थे। शेयर बाजारों को भेजी सूचना में कंपनी ने कहा कि अक्टूबर में उसकी दोपहिया बिक्री 24% बढ़कर 3,82,121 इकाई पर पहुंच गई, जो एक साल पहले समान महीने में 3,08,161 इकाई रही थी। उधर दोपहिया कंपनी बजाज ऑटो लि. की कुल बिक्री अक्टूबर में 11 प्रतिशत बढ़कर 5,12,038 इकाई पर पहुंच गई। पिछले साल के समान महीने में कंपनी ने 4,63,208 वाहन बेचे थे।

घरेलू बाजार में कंपनी की दोपहिया बिक्री 19% बढ़कर 3,01,380 इकाई पर पहुंच गई, जो एक साल पहले समान महीने में 2,52,684 इकाई रही थी। अक्टूबर में कंपनी की मोटरसाइकिल बिक्री 38% बढ़कर 1,73,263 इकाई रही। अक्टूबर, 2019 में कंपनी ने 1,25,660 मोटरसाइकिलें बेची थीं। इसी तरह कंपनी की स्कूटर बिक्री 05% बढ़कर 1,27,138 इकाई रही। अक्टूबर, 2019 में कंपनी ने 1,21,437 स्कूटर बेचे थे।

टीवीएस मोटर कंपनी ने कहा कि अक्टूबर में उसकी तिपहिया बिक्री घटकर 12,603 इकाई रह गई। एक साल पहले समान महीने में यह आंकड़ा 15,207 इकाई का रहा था। अक्टूबर में कंपनी का कुल निर्यात 33% बढ़कर 92,520 इकाई पर पहुंच गया, जो एक साल पहले समान महीने में 69,339 इकाई रहा था। समीक्षाधीन महीने में कंपनी का दोपहिया निर्यात 46% बढ़कर 80,741 इकाई पर पहुंच गया, जो अक्टूबर, 2019 में 55,477 इकाई रहा था।

शेयर बाजारों को भेजी सूचना में बजाज ऑटो ने कहा कि अक्टूबर में घरेलू बाजार में उसकी बिक्री एक प्रतिशत बढ़कर 2,81,160 इकाई पर पहुंच गई। पिछले साल समान महीने में यह आंकड़ा 2,78,776 इकाई का रहा था।

समीक्षाधीन महीने में कंपनी की मोटरसाइकिल बिक्री 18 प्रतिशत बढ़कर 4,70,290 इकाई पर पहुंच गई, जो एक साल पहले 3,98,913 इकाई रही थी। कंपनी ने कहा कि अक्टूबर में उसके पल्सर ब्रांड की बिक्री 1,70,000 इकाई से अधिक रही।

इस दौरान कंपनी की वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री 35 प्रतिशत घटकर 41,746 इकाई पर आ गई। पिछले साल समान महीने में यह आंकड़ा 64,295 इकाई का रहा था। अक्टूबर में कंपनी का कुल वाहन निर्यात 25 प्रतिशत बढ़कर 2,30,878 इकाई पर पहुंच गया। अक्टूबर, 2019 में कंपनी ने 1,84,432 वाहनों का निर्यात किया था।

अगली खबर