Bhopal Acid Attack: शादी में धोखा, फिर एसिड से जलाया, जानिए देवास के निर्दयी पति के सितम की कहानी

Bhopal Acid Attack : पति ने उसे मिलने के लिए घर के निकट एक चौराहे पर बुलाया था। जिस पर उसने मिलने से मना कर दिया। इसके बाद वह घर पर आ गया। इसके बाद उसने धोखे से उस पर तेजाब फेंक दिया। घटना को अंजाम देकर आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया। 

Bhopal Acid Attack
मध्यप्रदेश के देवास में पत्नी पर एसिड अटैक, जानिए क्यों   |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • पति उससे मिलने और समझौते की बात करने आया था
  • बेरहम पति ने बड़ी ही निर्दयिता से पत्नी पर एसिड फेंक कर उसे जला दिया
  • आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है

Bhopal Acid Attack: मध्य प्रदेश के देवास में महिला पर उसके पति की ओर से एसिड अटैक करने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। नफरत की आग इस कदर भड़की कि, बेरहम पति ने बड़ी ही निर्दयिता से अपनी पत्नी पर एसिड फेंक कर उसे जला दिया। घटना के बाद परिजन घायल विवाहिता को तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। घटना शहर के बावडिया इलाके की है। मामले की सूचना पर औद्योगिक थाने की पुलिस हॉस्पिटल पहुंची व विवाहिता के बयान दर्ज किए। पुलिस को महिला ने बताया कि, उसके पति ने भागकर दूसरी शादी कर ली थी।

इससे खफा होकर वह अपने मायके में रह रही थी। विवाहिता ने बताया कि, घटना से पहले उसका पति उससे मिलने और समझौते की बात करने आया था। इस बीच उसने धोखे से उस पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह झुलस गई। पुलिस ने बताया कि, बहरहाल विवाहिता की स्थिति खतरे से बाहर है। पुलिस ने विवाहिता की रिपोर्ट पर आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस जांच में जुटी है कि, आखिर आरोपी के पास इतना खतरनाक तेजाब आया कहां से। वहीं आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस उसके ठिकानों पर उसकी तलाश कर रही है। 

पति की दूसरी शादी बनीं बैरन

पुलिस के मुताबिक विवाहिता ने बताया कि उसकी शादी आरोपी पति योगेश से 4 साल पहले हुई थी। उसका एक तीन साल का बेटा भी है। विवाहिता ने बताया कि काफी दिनों पहले आरोपी पति ने उसे बिना डिवॉर्स दिए एक महिला से दूसरी शादी कर ली। इसके बाद से ही दोनों के रिश्ते में खटास आ गई। घर में आए दिन झगड़े होने लगे। इसके बाद वह अपने पीहर आ गई। विवाहिता ने पुलिस को बताया कि, उसके पति ने उसे मिलने के लिए घर के निकट एक चौराहे पर बुलाया था। जिस पर उसने मिलने से मना कर दिया। इसके बाद वह घर पर आ गया। इसके बाद उसने धोखे से उस पर तेजाब फेंक दिया और आरोपी तुरंत मौके से फरार हो गया। 

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर