ज्योतिरादित्य सिंधिया पर दिग्विजय का पलटवार, बोले-जनता को मौके का इंतजार 

Digvijay singh on Jyotiraditya Scindia: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर निशाना साधा है। सिंह ने सोमवार को कहा कि जनता को मौके का इंतजार है।

  Digvijay singh targets jyotiraditya scindia
कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए हैं ज्योतिरादित्य सिंधिया।  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • ज्योतिरादित्य का नाम लिए बगैर दिग्गी राजा ने बोला हमला
  • सिंह ने कहा-निजी स्वार्थों के लिए लोगों को पलटने में देरी नहीं लगती
  • गत मार्च में सिंधिया और उनके समर्थक भाजपा में शामिल हो गए

भोपाल : मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कांग्रेस छोड़कर भाजपा में जाने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का नाम लिए बगैर बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा है कि जनता सब जानती है, केवल मौके का इंतजार करती है। पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने सोमवार को ट्वीट कर कहा, तुलसी सिलावट -माफ करो महाराज, हमारा नेता शिवराज। समय बड़ा बलवान। अपने निजी स्वार्थ के लिये लोगों को पलटने में देर नहीं लगती। पर जनता सब जानती है और समझती है। केवल मौके का इंतजार करती है।

ज्ञात हो कि भाजपा ने बीते विधानसभा चुनाव में सिंधिया पर हमला बोलते हुए एक स्लोगन का सहारा लिया था और वह था, माफ करो महाराज हमारा नेता शिवराज। अब सिंधिया के साथ भाजपा में गए उनके करीबी तुलसीराम सिलावट सहित अन्य नेता मुख्यमंत्री चौहान को अपना नेता बता रहे हैं। इसी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री सिंह ने यह तंज कसा है।

राज्य में कमल नाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार बनी थी। मगर मार्च में सिंधिया सहित 22 विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर सरकार गिर गई थी। उसके बाद भाजपा की शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में सरकार बनी है। आगामी समय में कुल 24 विधानसभा क्षेत्रों में उप-चुनाव होने वाले है।
 

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर