Madhya Pradesh: शिवराज ने उपचुनाव हारे सिंधिया के समर्थकों को बनाया निगमों में अध्यक्ष

भोपाल समाचार
Updated Dec 25, 2021 | 00:03 IST | भाषा

मध्य प्रदेश की शिवराज सिंह चौहान सरकार ने निगमों के अध्यक्ष पदों पर कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां की है। उप चुनाव में हार का सामना करने वाले सिंधियां समर्थकों को अलग-अलग निगमों का अध्यक्ष बनाया गया है।

Madhya Pradesh: Shivraj govt appoints 25 BJP leaders as chiefs of boards, corporations
MP: उपचुनाव हारे सिंधिया के समर्थक बने निगमों के अध्यक्ष  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • मध्य प्रदेश: उप चुनाव में हार गए थे जो सिंधिया समर्थक, उन्हें शिवराज ने दी अहम जिम्मेदारी
  • शिवराज सरकार ने 25 भाजपा नेताओं को बनाया विभिन्न मंडल, निगमों का अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष
  • उपचुनाव हारने वाली इमरती देवी बनी लघु उद्योग निगम की अध्यक्ष

भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार ने 25 भाजपा नेताओं को प्रदेश के विभिन्न मंडल और निगमों के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के पदों पर शुक्रवार को नियुक्त किया। इनमें केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के सात समर्थक भी शामिल हैं जो विधानसभा उपचुनाव में पराजित हो गए थे। अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि नियुक्तियों की घोषणा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने की।

इनकी लगी लॉटरी

कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल होने के बाद उपचुनाव हारने वाले नेताओं में इमरती देवी, गिर्राज दंडोतिया, ऐदल सिंह कंसाना, रणवीर जाटव, मुन्ना लाल गोयल, रघुराज कंसाना और जसवंत जाटव को विभिन्न निगमों में अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किया गया है। इन सात नेताओं में से इमरती देवी, ऐदल सिंह कंसाना और गिर्राज दंडोतिया उपचुनाव हारने के समय प्रदेश सरकार में मंत्री थे।

ये भी पढ़ें: VIDEO: जब केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने दौड़ लगाकर दिखाई फिटनेस, साथ में भाग रहे नेताजी हुए धड़ाम!

हुआ विभागों का बंटवारा

पार्टी सूत्रों ने बताया कि इमरती देवी को लघु उद्योग निगम, ऐदल सिंह कंसाना को मध्य प्रदेश राज्य कृषि उद्योग विकास निगम, रणवीर जाटव को संत रविदास मध्य प्रदेश हस्तशिल्प और हथकरघा विकास निगम, गिर्राज दंडोतिया को मध्य प्रदेश ऊर्जा विकास निगम, मुन्ना लाल गोयल को मध्य प्रदेश बीज एवं कृषि विकास निगम, जसवंत जाटव को राज्य पशुधन एवं कुक्कुट विकास निगम और रघुराज कंसाना को मध्य प्रदेश पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम का अध्यक्ष बनाया गया है।

वहीं, शैलेंद्र शर्मा को मध्य प्रदेश कौशल विकास एवं रोजगार निर्माण मंडल, विनोद गोटिया को मप्र राज्य पर्यटन विकास निगम और आशुतोष तिवारी को मप्र भवन बोर्ड के अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त किया गया है। इसके अलावा अमिता छपरा को महिला वित्त और विकास निगम का अध्यक्ष, निर्मला बरेला को मप्र एससी/एसटी वित्त विकास निगम का अध्यक्ष तथा जयपाल सिंह चावड़ा को इंदौर विकास प्राधिकरण का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
ये भी पढ़ें: मध्यप्रदेश: डबरा सीट हारने के बाद इमरती देवी के बोल- मैं जीतू ना जीतूं लेकिन कमलनाथ..

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर