Bhopal Bridge: भोपाल के रंगई पुल पर 17 मई से शुरू होगा आवागमन, जाम से मिलेगी निजात, वाहन चालकों को मिलेगी राहत

Bhopal Bridge: भोपाल के रंगई के समीप बेतवा के नए पुल पर 17 मई मंगलवार से आवागमन शुरू होगा। जिससे नागरिकों को जाम से मुक्ती मिलेगी। पुराने पुल को बंद कर दिया जाएगा। बेतवा के पुराने पुल को नष्ट न करते हुए संरक्षित किया जाएगा।

Rangai Bridge
भोपाल के रंगई पुल पर 17 मई से शुरू होगा आवागमन( प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • 12 मीटर चौड़ा पुल बनने से जाम से मिलेगी निजात
  • पुराने पुल से आवागमन होगा बंद, किया जाएगा संरक्षित
  • 16 करोड़ की लागत से बना है नया पुल

Bhopal Bridge: राजधानी भोपाल और विदिशा को आपस में जोड़ने वाला रंगई के पास बेतवा का नया पुल बनकर तैयार है। 17 मई से इसपर यातायात आरंभ हो जाएगा। यह पुल वाहन चालकों को जाम से निजात दिलाएगा। जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चलने लगेगी। इस पुल को बनने में दो साल का समय लगा है। 2020 में इसका निर्माण कार्य शुरू किया गया था।

वर्षों पुराना पुल होने के कारण यहां से निकलते समय हमेशा हादसे का डर बना रहता था। इसी समस्या को देखते हुए राज्य सरकार ने वर्ष 2017 में नए पुल निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति दी थी। वर्ष 2020 में पुल का निर्माण शुरू हो गया था। लोक निर्माण विभाग सेतु ने निर्धारित दो वर्ष के भीतर पुल का निर्माण पूर्ण कर लिया है।

पुराने पुल को संस्कृति विभाग को सौंपने का है विचार

जानकारी के लिए बता दें कि, वर्तमान में पुराने पुल से ही वाहनों का आवागमन शुरू है लेकिन 17 मई से नए पुल से आवागमन शुरू होने के बाद पुराने पुल से आवागमन बंद कर दिया जाएगा। विभाग इस पुल को नष्ट करने की बजाय संरक्षित करने की तैयारी में है। यह पुल प्रदेश के सबसे प्राचीन पुलों में शामिल है। इसका स्ट्रक्चर पुराने दौर की निर्माण शैली को उजागर करता है। विभाग इसे संस्कृति विभाग को सौंपने को लेकर विचार कर रहा है। इसकी महत्ता को ध्यान में रखकर फैसला लिया जाएगा।

भारी बाढ़ आने पर भी बंद नहीं होगा आवागमन

कलेक्टर उमाशंकर भार्गव ने बताया कि, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान 17 मई को शाम को नगरोदय कार्यक्रम में रंगई पुल का लोकार्पण करेंगे। लोनिवि सेतु के प्रभारी चीफ इंजीनियर संजय खांडे ने बताया कि, इस पुल निर्माण पर करीब 16 करोड़ रुपये की राशि खर्च हुई है। उन्होंने बताया कि, इस पुल की लंबाई 257 मीटर और चौड़ाई 12 मीटर रखी गई है।पुल की चौड़ाई अधिक होने से यहां दो बड़े वाहन भी एक साथ निकल सकेंगे। उन्होंने बताया कि, पुल के मार्ग की लंबाई 165 मीटर रखी गई है। पुल को नदी तल से 10 मीटर ऊंचा बनाया गया है। भारी बाढ़ की स्थिति में भी इस पुल से आवागमन बंद नहीं होगा।

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर