Bhopal Crime News: भोपाल में घरेलू विवाद से परेशान पिता ने दो बच्चों के साथ नर्मदा में लगाई छलांग, फिर हुआ ये

Bhopal Crime News: कहते हैं माता—पिता का किया बच्चे भुगतते हैं। भोपाल में ऐसा सच होता दिया। यहां पति—पत्नी के विवाद में दो मासूम जिंदगी हार गए। पत्नी से विवाद के बाद गुस्साए पिता ने दोनों बच्चों के साथ नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। घटना में पिता की जान बच गई, लेकिन बच्चे नर्मदा की गोद में समा गए। शनिवार सुबह दोनों के शव मिले।

Father gave life with children
पिता ने लगाई दो बच्चों के साथ नदी में छलांग (प्रतीकात्मक तस्वीर)  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • भोपाल जिले के नर्मदापुरम में सामने आया दिल दहला देने वाला मामला
  • दो साल के बेटे और चार साल की बेटी के साथ नर्मदा में कूदा पिता
  • पिता बचा, दोनों बच्चे गंवा बैठे जान, पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मामला

Bhopal Crime News: भोपाल जिले के नर्मदापुरम में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां दो मासूम बच्चे माता—पिता के बीच हुई कलह की बलि चढ़ गए। शुक्रवार रात पत्नी से विवाद पर गुस्साया पिता अपना आपा खो बैठा और अपने दो मासूम बच्चों को लेकर नर्मदा नदी में छलांग लगा दी। कुछ देर बाद पिता तो बच गया लेकिन मासूम नर्मदा की गोद में समा चुके थे।

रातभर मासूमों की तलाश की गई। शनिवार सुबह जब बच्चों के शव बाहर निकाले गए तो वहां उपस्थित लोगों का कलेजा मुंह को आ गया। पुलिस ने अब आरोपी पिता के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। वहीं अपने कलेजे के टुकड़ों को खो चुकी मां का रो—रोकर बुरा हाल है।

पत्नी को इतना मारा कि हो गई अस्पताल में भर्ती 

बुधनी थाना पुलिस ने बताया कि आरोपी पिता राजेश के खिलाफ दोनों बच्चों की हत्या का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि आरोपी खुद भी जिला चिकित्सालय नर्मदापुरम में भर्ती है। डॉक्टर्स का कहना है कि उसकी स्थिति स्थिर है। पुलिस के अनुसार सोहागपुर तहसील के गांव गुंदराई में रहने वाले राजेश और उसकी पत्नी के बीच अकसर तनाव की स्थिति बनी रहती थी। दोनों के बीच झगड़ा होना आम बात हो गई थी। इसी तनाव और विवाद के कारण बीते दिनों राजेश ने अपनी पत्नी पर हमला कर दिया। आरोप है कि राजेश ने पत्नी को इतना मारा कि उसके पैरों में गंभीर चोटें आईं और पीड़िता को ​नर्मदापुरम के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

अस्पताल में भी पत्नी से झगड़ा

शुक्रवार को राजेश अपने दो साल के बेटे सार्थक और चार साल की बेटी ओमबती को लेकर पत्नी से मिलने के लिए अस्पताल पहुंचा था। इस दौरान राजेश और उसकी पत्नी का फिर से झगड़ा हो गया। जिसके बाद राजेश सार्थक और ओमबती को लेकर अस्पताल से चला गया। राजेश सीधे बुधनी की ओर नर्मदा पु​ल पुहंचा और दोनों बच्चों के साथ नदी में छलांग लगा दी। 

आरोपी पिता के खिलाफ दर्ज किया हत्या का मामला 

स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाया गया। राजेश घटना के करीब आधे घंटे बाद घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर मिल गया। लेकिन दोनों बच्चे नहीं मिल सके। गोताखोरों ने रातभर तलाश की, लेकिन वे सफल न हो सके। शनिवार सुबह दोनों के शव नदी से बरामद हुए। आरोपी राजेश के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।

अगली खबर