Cooking oil price today 08 September : पाम, सोयाबीन तेल कीमतों में सुधार, जानिए तेल-तिलहन का ताजा भाव

बिजनेस
भाषा
Updated Sep 08, 2020 | 17:14 IST

Cooking oil rate today, 08 सितंबर 2020 : तेल-तिलहन बाजार में मंगलवार को पाम एवं पामोलीन तथा सोयाबीन तेल कीमतों में सुधार का रुख रहा और इनके भाव लाभ दर्शाते बंद हुए। जानिए आज का रेट।

Cooking oil price today, Palm, soybean oil prices improve know Oil oilseeds latest rates on 08 September 2020
खाने वाले तेल तिलहन का भाव  |  तस्वीर साभार: BCCL

Cooking oil/oilseed price today, 08 September 2020 : मलेशिया और शिकॉगो एक्सचेंज में 2.5 - 2.5 प्रतिशत की तेजी के कारण स्थानीय तेल-तिलहन बाजार में मंगलवार को पाम एवं पामोलीन तथा सोयाबीन तेल कीमतों में सुधार का रुख रहा और इनके भाव लाभ दर्शाते बंद हुए। बाजार सूत्रों ने कहा कि शिकॉगो एक्सचेंज में तेजी के कारण सोयाबीन तेल कीमतों में सुधार आया मगर सस्ते आयात के आगे मांग कमजोर होने से सोयाबीन दाना के भाव में गिरावट आई। इसी प्रकार सस्ते आयातित तेलों की बाढ़ के आगे देशी तिलहनों के पांव ठिठक गये जिसकी वजह से मूंगफली दाना, सोयाबीन दाना के भाव में गिरावट रही। सरसों दाना के भाव भी सस्ते आयात के कारण मामूली कमजोर रहे।

वैसे सरसों की स्थिति अन्य तेल-तिलहनों के मुकाबले बेहतर है और सहकारी संस्था-नाफेड आगामी फसल के आने में सात-आठ महीने की देरी के कारण मांग होने के बावजूद सोच समझकर कम मात्रा में बिकवाली कर रही है। सूत्रों ने कहा कि अगर सरकार वास्तव में आत्मनिर्भरता की हिमायती है, तो उसे सस्ते आयातित तेलों पर अंकुश लगाते हुए उसपर शुल्क बढ़ा देना चाहिये। उन्होंने कहा कि अपनी जरूरत के 70 प्रतिशत खाद्य तेल के लिए आयात पर निर्भर करने वाले देश भारत में देशी किसानों की अपनी लगभग 25 प्रतिशत उपज बाजार में खप नहीं पाती है। इसे खपाने के लिए सस्ते आयातित तेलों पर आयात शुल्क को बढ़ाना चाहिये। तभी यहां के तिलहन उत्पादक किसान लाभान्वित और उत्साहित होंगे और उत्पादन बढ़ाने को प्रेरित होंगे।

बाजार के थोक भाव मंगलवार को इस प्रकार रहे- (भाव- रुपए प्रति क्विंटल)

  1. सरसों तिलहन - 5,325- 5,375 (42 प्रतिशत कंडीशन का भाव) रुपए।
  2. मूंगफली दाना - 4,690- 4,740 रुपए।
  3. वनस्पति घी- 955 - 1,060 रुपए प्रति टिन।
  4. मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात)- 12,150 रुपए।
  5. मूंगफली साल्वेंट रिफाइंड तेल 1,775- 1,835 रुपए प्रति टिन।
  6. सरसों तेल दादरी- 10,600 रुपए प्रति क्विंटल।
  7. सरसों पक्की घानी- 1,655 - 1,795 रुपए प्रति टिन।
  8. सरसों कच्ची घानी- 1,765 - 1,885 रुपए प्रति टिन।
  9. तिल मिल डिलिवरी तेल- 11,000 - 15,000 रुपए।
  10. सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 9,550 रुपए।
  11. सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 9,300 रुपए।
  12. सोयाबीन तेल डीगम- 8,400 रुपए।
  13. सीपीओ एक्स-कांडला-7,650 से 7,700 रुपए।
  14. बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 8,700 रुपए।
  15. पामोलीन आरबीडी दिल्ली- 9,150 रुपए।
  16. पामोलीन कांडला- 8,400 रुपए (बिना जीएसटी के)।
  17. सोयाबीन तिलहन डिलिवरी भाव 3,840- 3,880 लूज में 3,690-3,710 रुपए।
  18. मक्का खल (सरिस्का) - 3,500 रुपए

सूत्रों ने कहा कि जब पैदावार बढ़ती है तो सस्ते आयात के कारण किसानों के लिए अपने माल को बाजार में खपाना मुश्किल हो जाता है। बाजार का हाल यह है कि वायदा कारोबार में सोयाबीन के नवंबर अनुबंध का भाव 3,822 रुपए क्विन्टल चल रहा है जबकि इसका न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) 3,880 रुपए क्विन्टल (मंडी शुल्क, वारदाना सहित सारे खर्चे अलग से) है।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Business News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर